वृंदावन थाना क्षेत्र के पास मुठभेड़ में पुलिस ने जीजा-साले को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि यह दोनों आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देते थे। बीते रविवार यानी 26 जनवरी को जीजा-साले की इस जोड़ी ने लखनऊ के पीजीआई इलाके में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की और उसका मोबाइल छीनकर वहां से फरार हो गए। मोबाइल स्नैचिंग की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस मुठभेड़ में लूट करने वाले आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी ईस्ट शशांक सिंह ने बताया कि पीजीआई पुलिस द्वारा गुरुवार रात वृंदावन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। तभी एक संदिग्ध बाइक आते हुए दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा करते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौका देख दूसरा आरोपी वहां से भागने का प्रयास करने लगा तभी पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम जितेंद्र कुमार और शनि रावत बताया। आरोपियों ने यह भी बताया कि 26 जनवरी को उनके द्वारा एक लड़की का मोबाइल छीना गया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध देसी पिस्टल और गोलियां बरामद की है। आरोपियों की बाइक भी जब्त कर ली गई है। मुठभेड़ में घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
