CM Yogi Adityanath Bahraich Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जनपद बहराइच के भेड़िया प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने मृतक बच्चों और घायल हुए लोगों के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भेड़िये को जल्द पकड़ा जाए या मार गिराया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 21 सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है और पुलिस तथा वन विभाग की टीमों को अलग-अलग तैनात किया गया है। साथ ही, प्रभावित इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग का भी आदेश दिया गया है।
भेड़िए का खौफ होगा जल्द खत्म
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों से कहा कि जिनके घरों में पक्के मकान नहीं हैं, जिनके पास शौचालय नहीं है या जिनके घरों में दरवाजे नहीं हैं, उन्हें तुरंत आवास, शौचालय और दरवाजे उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद प्रभावित परिवार काफी संतुष्ट और आश्वस्त दिखाई दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि भेड़िये को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा या मार गिराया जाएगा।
घायलों का उचित इलाज हो सुनिश्चित
इसके अलावा, जनपद बहराइच में मानव-वन्य जीव संघर्ष से प्रभावित लोगों को राहत किट वितरित की गई। प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया और समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश सरकार ने मानव-वन्य जीव संघर्ष को आपदा की श्रेणी में शामिल किया है। इस आपदा में जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उन्हें 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
