UP News: यूपी के बहराइच जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के रुपईडीहा इलाके में एक युवक की पहले गला रेतकर नृशंस तरीके से हत्या की गई और फिर मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को ईंट से कुचल दिया गया। इसके बाद हत्यारे शव को सड़क किनारे फेंक फरार हो गए। सड़क किनारे शव देख राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
इलाके में कुचल हुआ शव मिलने के बाद से दहशत का माहौल है। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक पुलिस के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। मृतक की पहचान इलाके के ददौली गांव के रहने वाले 25 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इस मामले में युवक के बाबा की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
दोपहर बाद हो पाई शव की पहचान
जानकारी अनुसार रुपईडीहा के चकिया रोड पर शामशान घाट के पास मंगलवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने जांच शुरू की। युवक का गला रेत हत्या की गई थी और शव का चेहरा कुचल दिया गया था। जिसकी वजह से दोपहर तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई। हालांकि पास के गांव के लोगों ने मृतक को पहचान लिया, जिसके बाद इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। परिजनों के अनुसार युवक सोमवार दोपहर से ही लापता था। पुलिस जांच में घटनास्थल पर कहीं खून भी नहीं बिखरा था। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की पहले कहीं पर हत्या की गई और फिर यहां पर शव को फेंक दिया गया। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि मृतक के बाबा राम पदारथ पर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की दो टीमें छानबीन कर रही हैं। हत्या के कारणों का जल्द ही पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
