समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज यानी बुधवार 8 अक्टूबर को पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मुलाकात की। बता दें कि आजम खां के 23 सितंबर को जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है।
इससे पहले सपा प्रमुख विमान लखनऊ से बरेली पहुंचे। उसके बाद हेलीकॉप्टर से रामपुर के लिए रवाना हुए। उनका हेलीकॉप्टर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय परिसर में उतरा, जहां आजम खां ने उनकी अगवानी की। इस दौरान अखिलेश यादव ने आजम खां से मिलते ही उन्हें गले लगा लिया। इसके बाद आजम खां, अखिलेश यादव को अपने घर ले गए। अखिलेश यादव अकेले ही आजम खां के घर पहुंचे।
अखिलेश ने आजम खां के घर पहुंचकर उनके साथ लंच किया। दोनों नेताओं की इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरी हैं। दोनों नेताओं के बीच 2 घंटे से ज्यादा समय तक मुलाकात हुई। इस दौरान मीडियाकर्मियों और पार्टी के अन्य नेताओं को बैरिकेडिंग लगाकर आजम खां के घर से कुछ दूरी पर ही रोक दिया गया।
जिस समय दोनों नेताओं की मुलाकात हुई, उस समय आजम खां के घर में कुल 12 लोग मौजूद थे। उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
अखिलेश यादव ने रामपुर में आजम खां से मिलने के बाद मीडिया से भी बात की। उन्होंने आजम खां की जमकर तारीफ की और कहा कि वह पुराने नेता हैं। आजम खां पार्टी के दरख्त हैं। उन्होंने कहा कि मैंने उनका हाल-चाल जाना, उनसे अच्छी मुलाकात हुई। उनसे मिलने जेल नहीं जा पाया था, इसलिए आज उनसे मिले आया। अखिलेश ने कहा कि उनके आजम खां से गहरे रिश्ते हैं।
ज्ञात हो कि आजम खां को सपा का मुस्लिम चेहरा माना जाता रहा है। वह डकैती और चोरी समेत कई आरोपों के 100 से अधिक मुकदमों में लगभग दो साल से सीतापुर जेल में बंद थे। लगभग 23 महीने के बाद वह पिछले महीने, 23 सितंबर को जमानत पर जेल से रिहा हुए थे। उसके बाद से अखिलेश और आजम खां की यह पहली मुलाकात है।
Input - PTI
