Muzaffarnagar Encounter: मुजफ्फरनगर पुलिस और कुख्यात डकैतों के बीच शुक्रवार देर रात बुढ़ाना थाना क्षेत्र के परासोली जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी डकैत महताब उर्फ ‘गलकटा’ को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से लगभग 20 राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान परसोली चौकी इंचार्ज ललित कसाना और कांस्टेबल अलीम भी गोली लगने से घायल हो गए।
आरोपी की तलाश में पुलिस की घेराबंदी
14 सितंबर को बुढ़ाना कस्बे में नेमचंद वर्मा के घर हुई डकैती में महताब मुख्य आरोपी था। पुलिस को सूचना मिली कि वह जंगल में छिपा हुआ है। घेराबंदी के दौरान खुद को फंसा देख उसने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में डकैत को गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हथियार व लूटा गया माल बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर, बड़ी संख्या में कारतूस, एक बाइक और लूटा गया लाखों का सोना-चांदी बरामद किया। बताया गया कि मारा गया डकैत महताब शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
एसएसपी ने दी जानकारी
मुज़फ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया, महताब पर लूट व डकैती के 18 मामले दर्ज थे। वह एक लाख का इनामी और अपने गैंग का लीडर था। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को सूचना के बाद जब पुलिस ने उसे घेरा तो उसने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती
घायल दरोगा और कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। मुठभेड़ के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और इलाके की तलाशी अभियान चलाया गया।
