शहर

दिल्लीवासियों के लिए बड़ी राहत, LPSC माफी स्कीम की डेट बढ़ी; नोट कर लें तारीख

दिल्ली में लेट पेमेंट सरचार्ज (LPSC) माफी योजना की अंतिम तारीख 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। अब सरकार ने गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को भी एलपीएससी माफी योजना के दायरे में लाने का भी फैसला किया है।

Delhi LPSC Mafi Yojna extended

दिल्ली में लेट पेमेंट सरचार्ज की तारीख बढ़ी (फोटो-Istock)

दिल्ली : दिल्ली सरकार ने लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) माफी योजना की तारीख बढ़ा दी है। सरकार का कहना है कि इस योजना ने बिलिंग सुधारों को लेकर भरोसा मजबूत किया है। अब तक 3.30 लाख से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठा चुके हैं, जिसके तहत लगभग 1,500 करोड़ रुपये का ब्याज माफ किया गया है, जबकि 430 करोड़ रुपए से अधिक की मूल राशि 29 जनवरी तक वसूल की जा चुकी है।

जनप्रतिनिधियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और दिल्लीभर के नागरिकों की लगातार मांग को देखते हुए सरकार ने योजना की अवधि 15 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि ज्यादा लोग वर्षों से लंबित बकाया राशि को बिना अतिरिक्त ब्याज बोझ के चुका सकें।

व्यवस्था सुधार की दिशा में बड़ा कदम

पीटीआई/भाषा के हवाले से जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में जनता का स्पष्ट समर्थन बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिक सही बिल देना चाहते हैं और पारदर्शी व्यवस्था का साथ देना चाहते हैं। एलपीएससी योजना को मिली प्रतिक्रिया साबित करती है कि जब सिस्टम निष्पक्ष होता है, तो लोग जिम्मेदारी से आगे आते हैं।

अधिकारियों का कहना है कि गलत बिलिंग और वर्षों की लापरवाही के कारण नागरिकों पर भारी ब्याज का बोझ पड़ा था, जिसे अब खत्म किया जा रहा है। उनके अनुसार, यह योजना राहत देने के साथ-साथ व्यवस्था सुधार का भी एक प्रभावी मॉडल बन रही है।

35 करोड़ रुपए की मूल राशि वसूली

अधिकारियों ने यह भी बताया कि पिछली एलपीएससी योजनाओं की तुलना में मौजूदा योजना कहीं अधिक असरदार साबित हुई है। जहां 2022–23 की योजना में 235 करोड़ रुपए की मूल राशि वसूली गई थी, वहीं मौजूदा योजना ने कम समय में ही लगभग दोगुना राजस्व जुटा लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे साफ है कि जब शासन में पारदर्शिता होती है, तो जनता भी आगे आकर सहयोग करती है और दिल्ली का जल क्षेत्र अब आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ रहा है।

सरकार के अनुसार, योजना को 15 अगस्त तक बढ़ाने के पीछे कई अहम कारण रहे हैं। अब सरकार ने गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को भी एलपीएससी माफी योजना के दायरे में लाने का फैसला किया है। करीब 87,000 गैर-घरेलू कनेक्शनों पर 2,068 करोड़ रुपए से अधिक की मूल राशि बकाया है, जिसे अब पारदर्शी और सुधार-आधारित प्रक्रिया के तहत नियमित किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि जवाबदेही सभी के लिए समान है और घरेलू उपभोक्ताओं की तरह अब गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को भी एलपीएससी योजना के तहत अपनी मूल राशि जमा करनी होगी। सरकार ने साफ किया कि सार्वजनिक धन को वर्षों तक लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article