शहर

'2027 में फिर खिलेगा कमल': लखनऊ पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन,बोले- फिर बनेगी मोदी-योगी की डबल इंजन वाली सरकार

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 4, 2026, 04:26 PM IST

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ में हैं। इस दौरान उन्होंने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

Image

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ दौरा। (फोटो- PTI)

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य में एक बार फिर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटे हैं और प्रदेश में पार्टी के पक्ष में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है।

दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाने का काम किया है। काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा की धरती पर एक बार फिर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ और पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं का जो उत्साह देखने को मिला है,उससे स्पष्ट है कि भाजपा का संगठन 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।"

इससे पहले राजधानी पहुंचने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नबीन की अगवानी की। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक किया रोड शो

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक नितिन नवीन का भव्य रोड शो निकाला गया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद रहे। कुछ कार्यकर्ता बुलडोजर पर खड़े होकर उन पर पुष्पवर्षा करते नजर आए। नितिन नबीन विशेष रूप से तैयार मोटर चालित रथ पर सवार होकर मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के कारण उनका काफिला कई स्थानों पर धीमी गति से आगे बढ़ा।

ऐसा है भाजपा अध्यक्ष के प्रवास का कार्यक्रम

भाजपा अध्यक्ष के दो दिवसीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोज, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, पार्टी विधायकों, बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें शामिल हैं।

2027 के विधानसभा चुनाव की बनेगी रणनीति

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को और मजबूत बनाने तथा चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। नितिन नबीन क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और पार्टी की कोर कमेटी के साथ भी बैठक कर सकते हैं।

पार्टी सुप्रीमो बनने के बाद यूपी का तीसरा दौरा

भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश का यह उनका तीसरा दौरा है। इससे पहले वह मथुरा और वाराणसी का दौरा कर चुके हैं। इस यात्रा के दौरान उनके हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करने की भी संभावना है।

End of Article