शहर

Ladakh Earthquake: लेह-लद्दाख में भूकंप का डबल अटैक, 5.5 और 4.3 तीव्रता के झटकों से हिली धरती

Ladakh Earthquake: लद्दाख के लेह में आज सुबह भूकंप के दो झटके दर्ज किए गए। पहला भूकंप सुबह 6:05 बजे 5.5 तीव्रता का आया और दूसरा झटका 9:54 बजे 4.3 तीव्रता का दर्ज किया गया।

Image

लद्दाख में भूकंप के झटके (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Ladakh Earthquake: लद्दाख के लेह में गुरुवार को एक ही दिन में भूकंप के दो झटके दर्ज किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, पहला भूकंप सुबह 6 बजकर 05 बजे आया, जिसकी तीव्रता 5.5 मापी गई। इसके बाद सुबह करीब चार घंटे के भीतर लेह में एक और भूकंप आया। NCS के अनुसार, दूसरा झटका 9 बजकर 54 बजे दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 4.3 थी। सुबह के समय भूकंप के झटके महसूस होने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि अभी तक भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नही मिली है।

10 किलोमीटर गहराई पर आए दोनों भूकंप

NCS के मुताबिक, पहले भूकंप का केंद्र 36.881°N अक्षांश और 74.402°E देशांतर पर था। इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। दूसरे भूकंप का केंद्र 36.765°N अक्षांश और 75.326°E देशांतर पर था। इसकी भी गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई। कम गहराई पर आने वाले भूकंप के कारण सतह पर इसके झटके अपेक्षाकृत अधिक महसूस हो सकते हैं।

कम गहराई पर आने वाले भूकंप का प्रभाव

वैज्ञानिक वर्गीकरण के अनुसार, 10 किलोमीटर की गहराई पर आने वाला भूकंप उथली श्रेणी (Shallow Earthquake) में आता है। ऐसे भूकंपों में भूकंपीय तरंगों को सतह तक पहुंचने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ती है, जिसकी वजह से जमीन पर कंपन (Vibration) अधिक महसूस हो सकता है। हालांकि, भूकंप से होने वाला नुकसान केवल उसकी तीव्रता पर निर्भर नहीं करता। भूकंप की गहराई, आबादी वाले इलाकों से दूरी और इमारतों की मजबूती जैसे कई महत्वपूर्ण कारक इसके प्रभाव को निर्धारित करते हैं।

पालघर में भी महसूस हुए थे दो भूकंप के झटके

इससे पहले महाराष्ट्र के पालघर में सोमवार रात करीब एक घंटे के अंदर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए थे। दोनों भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई थी। पहला झटका रात 10 बजकर 04 मिनट पर आया, जबकि करीब 56 मिनट बाद रात 11 बजे दूसरा झटका महसूस हुआ। लगातार दो झटकों से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया और कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई थी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article