शहर

Lalitpur: बी-फार्मा छात्र की बेरहमी से हत्या, पत्थरों से बुरी तरह पीटा, फिर घोंपा चाकू, CCTV में कत्ल का खौफनाक मंजर कैद

Lalitpur Murder: ललितपुर में सोमवार रात एक बी-फार्मा छात्र की कुछ युवकों ने ईंट से पीट-पीटकर और चाकू गोदकर हत्या कर दी। सीसीटीवी में कैद हुई इस वारदात में 6 से ज्यादा युवक छात्र पर हमला करते दिख रहे हैं।

Image

ललितपुर में बी.फार्मा छात्र की बेरहमी से हत्या, CCTV में घटना कैद

Photo : Times Now Digital

Lalitpur Murder News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में सोमवार रात एक बी.फार्मा छात्र की बेरदर्दी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली सदर क्षेत्र में 25 वर्षीय छात्र पर 6 से ज्यादा युवकों ने हमला किया। CCTV फुटेज में हमलावर उसपर पत्थरों और धारदार हथियार से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। जान बचाने के लिए छात्र पास की शराब की दुकान में घुसा, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दोस्त के जन्मदिन में शामिल होने के लिए गया था छात्र

यह वारदात कोतवाली सदर क्षेत्र के चीका बाग मवेशी बाजार में सोमवार रात करीब 9:20 बजे हुई। मृतक की पहचान भूपेंद्र अहीरवार के रूप में हुई है। वह शहर के मसौराकलां निवासी लक्ष्मी प्रसाद अहीरवार का छोटा बेटा था। उसके पिता क्लीनिक चलाते हैं। भूपेंद्र शहर के एक कॉलेज से बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था और पटेल नगर में अपने चाचा के घर पर रहता था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे भूपेंद्र दोस्त के जन्मदिन में जाने की बात कहकर घर से निकला था। करीब 10 बजे परिवार को पुलिस से फोन आया कि भूपेंद्र घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे।

कई युवकों ने घेरा, चाकू से भी किया हमला

घटना का करीब 33 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें भूपेंद्र एक गली में खड़ा दिखाई देता है। इसी दौरान एक युवक सामने से दौड़कर आकर उसे ललकारता है। इसके बाद वह भूपेंद्र की तरफ तेजी से आगे बढ़ता है। छात्र कुछ समझ पाता, इससे पहले ही एक अन्य युवक ईंट से उसके सिर पर हमला कर देता है। फुटेज में 5 से 6 अन्य युवक भूपेंद्र को घेरकर ईंट से लगातार उसपर हमला करते हुए नजर आते हैं। एक युवक उसके पेट पर चाकू से लगातार तीन वार करता है। तभी एक अन्य युवक उसके सिर पर ईंट से हमला करता है। हमले से बचने के लिए भूपेंद्र पास स्थित शराब की दुकान में चला जाता है। वहां मौजूद कर्मचारी ने युवकों का विरोध किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद घायल भूपेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

युवकों के हमलों से भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।हत्या की सूचना मिलते ही एसपी संजीव कुमार बाजपेयी, एएसपी कालू सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसी फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उनकी तलाश में दबिश देने में जुटी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article