शहर

कोटा में सुबह-सुबह कुत्ते ने 30 लोगों को काटा, नयापुरा से कलेक्ट्रेट तक खौफ

Kota Dog Attack: कोटा में आज सुबह एक कुत्ते ने 30 से अधिक लोगों को काट लिया। इतनी बड़ी संख्या में लोग जब अस्पताल में इलाज कराने के लिए पहुंचे, तो स्टाफ भी उन्हें देखकर हैरान रह गया। लोगों का कहना है कि कुत्ता पागल है या वह रेबीज से संक्रमित है। उसे तुरंत पकड़ने की प्रशासन से मांग की गई है।

Image

कोटा में कुत्ते ने 30 से अधिक लोगों को काटा

Kota News: राजस्थान के कोटा शहर में आज सुबह एक हैरान करने वाली घटना आई। जहां एक कुत्ते ने 30 से ज्यादा लोगों पर हमला कर दिया और उन्हें काट लिया। यह घटना नयापुरा क्षेत्र से शुरू होकर देखते ही देखते कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंच गई। घायल लोग खून से लथपथ हालत में एमबीएस अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे। जहां एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आए डॉग बाइट के मरीजों को देखकर अस्पताल स्टाफ भी हैरान हो गया।

कुत्ते ने छिपकर लोगों पर किया हमला

कुत्ते का आतंक कोटा के नयापुरा क्षेत्र से सुबह करीब 6 बजे शुरू हुआ। जहां एक कुत्ते ने फुटपाथ पर सो रहे लोगों से लेकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को अपना निशाना बनाया। कुत्ते ने काम पर जा रहे नागरिकों को भी काटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता अचानक से छिपकर लोगों पर झपट्टा मार रहा था। उसने एक दिन में ही तीन दर्जन से अधिक लोटों को काट लिया। जिसके कारण किसी को पैर में, किसी को हाथ में तो, किसी को चेहरे और कमर पर गंभीर चोटें आईं। कुत्ते ने कोटा कलेक्ट्रेट के अंदर मौजूद लोगों पर भी हमला किया।

कुत्ते ने कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों को भी काटा

कुत्ते के हमले का शिकार हुए लोग खून से सनी हालत में कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचे। जिनमें आम नागरिकों के साथ ही कलेक्ट्रेट में कार्यरत नायब तहसीलदार और पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जिसके बाद अस्पताल में मौजूद पुलिस चौकी ने तुरंत जिला प्रशासन, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नगर निगम को इस घटना की सूचना दी।

कोटा में इस तरह का यह पहला मामला है जब एक ही दिन में एक कुत्ते ने इतनी बड़ी संख्या में लोगों को काटा है। पीड़ितों और उनके परिजनों ने प्रशासन से कुत्ते को तुरंत पकड़ने की मांग की है, जिससे वह और लोगों पर हमला न करे। लोगों का कहना है कि कुत्ता पागल है या फिर वह रेबीज से संक्रमित हो सकता है, उन्होंने कुत्ते की स्वास्थ्य जांच कराने की भी मांग की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article