Kolkata News: कोलकाता पुलिस ने कालीघाट थाने के प्रभारी अधिकारी इंस्पेक्टर गौतम दास को सस्पेंड कर दिया है। उनकी जगह उल्टाडांगा थाने की प्रभारी इंस्पेक्टर चमेली मुखर्जी को कालीघाट थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दरअसल, इंस्पेक्टर गौतम दास ने हाल ही में सोशल मीडिया (Facebook) और व्हाट्सऐप स्टेटस पर अत्याधुनिक हथियार के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की थी। तस्वीर के साथ उन्होंने “Ready For New Assignment” लिखा था। यह पोस्ट सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
फेसबुक और व्हाट्सएप स्टेटस पर शेयर किया पोस्ट
तृणमूल कांग्रेस ने इस तस्वीर को लेकर चुनाव आयोग और कोलकाता पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गौतम दास को सस्पेंड कर दिया। टीएमसी के पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, जयप्रकाश मजूमदार ने सोशल मीडिया पर गौतम दास की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए दावा किया था की यह तस्वीर कालीघाट पुलिस स्टेशन के मौजूदा OC ने अपने फेसबुक और व्हाट्सएप स्टेटस पर शेयर की थी।
शिकायत मिलने के बाद तुरंत लिया गया एक्शन
जयप्रकाश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल और कोलकाता पुलिस के मौजूदा कमिश्नर अजय नंद को पत्र लिखकर इस मामले की औपचारिक रूप से जानकारी दी है। टीएमसी की शिकायत मिलने के बाद कोलकाता पुलिस ने तुरंत गौतम दास के खिलाफ एक्शन लेते हुए उसे सस्पेंड कर दिया।
दो विधानसभा सीट के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी
वहीं चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग द्वारा पुनर्मतदान का आदेश दिए जाने के एक दिन बाद, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीट के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार सुबह से मतदान जारी है। मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक प्रक्रिया जारी रहेगी। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने कहा, "पहले घंटे में मतदान शांतिपूर्ण रहा। हिंसा या अशांति की कोई घटना नहीं हुई है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की पर्याप्त संख्या मौजूद है। वेबकास्टिंग भी जारी है और हम पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।"
बता दें कि, इन दोनों विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया है। मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मो. समीम अहमद मोल्ला का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं।
डायमंड हार्बर सीट पर तृणमूल के पन्ना लाल हलदर, भाजपा के दीपक कुमार हलदर को चुनौती दे रहे हैं। कांग्रेस के गौतम भट्टाचार्य और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर नाइया समेत कई अन्य प्रत्याशी भी इस सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की इन दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली हुई थी।
डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं। निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जमीनी स्तर पर जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था। इस बीच, निर्वाचन आयोग शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
