Durgapur Gang Rape Case: दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले से जुड़े जांचकर्ताओं ने एक बड़ा दावा किया है। दावे के अनुसार, पीड़िता गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में से एक के साथ 'प्रेम संबंध' में थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस सहपाठी को सबसे बाद में गिरफ्तार किया गया, उसी के साथ पीड़िता 10 अक्टूबर की रात को कॉलेज परिसर से बाहर गई थी। इस खुलासे ने मामले की प्रकृति को जटिल बना दिया है। पुलिस ने व्हाट्सएप चैट सहित पर्याप्त सबूत जुटाने का दावा किया है, जो पीड़िता और आरोपी क्लासमेट के बीच रिश्ते की पुष्टि करते हैं।
पीड़िता का आरोपी के साथ प्रेम संबंध
अधिकारी ने कहा, "पीड़िता गिरफ्तार किए गए अपने दोस्त के साथ रिश्ते में थी। हमने इसे साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत जुटाए हैं। व्हाट्सएप पर उनकी बातचीत भी इसकी पुष्टि करती है।" पुलिस के अनुसार, पीड़िता और उसके दोस्त दोनों ने बताया कि घटना वाली रात वे श्मशान घाट के पास जंगल में गए थे। अधिकारी ने कहा, "उनके बयान के अनुसार, जंगल जाते समय तीन बदमाशों ने उनका पीछा किया। जब दोनों जंगल में दाखिल हुए तो तीनों ने उनका पीछा किया और अचानक उन पर हमला कर दिया। कुछ ही क्षणों में स्थिति नाटकीय रूप से बदल गई।"
गुमराह करने के लिए बार-बार बदल रहे बयान
न्यूज एजेंसी पीटीआई को पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों ने घटना के बारे में बार-बार अपना बयान बदला है और जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह जानबूझकर जांच को गुमराह करने का प्रयास है। इस बीच, गुरुवार को पुलिस ने जांच के लिए एक बार फिर जंगल के इलाके में अपराध स्थल की घेराबंदी की। अधिकारी ने पुष्टि की, "हालांकि एक हिस्से को पहले ही सील कर दिया गया था, लेकिन अब एक अतिरिक्त क्षेत्र की भी घेराबंदी की गई है।" उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों और पीड़िता के सहपाठी से कई चरणों में दिनभर पूछताछ की गई। ओडिशा की रहने वाली छात्रा और उसका दोस्त पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ते हैं।
(इनपुट - भाषा)
