Kolkata News: कला और आस्था के संगम के रूप में पहचाने जाने वाले कोलकाता में massArt का ऑटम आर्ट फेयर 2025 और दुर्गापूजा प्रीव्यू शो 2025 भव्यता के साथ शुरू हुआ। यह आयोजन बंगाल की जीवंत सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव है।
ऐतिहासिक अलीपुर म्यूजियम से शुरू हुए पहले ऑटम आर्ट फेयर में 30 से अधिक पवेलियन हैं, जिनमें बंगाल की हस्तशिल्प कला, दुर्गापूजा की रचनात्मकता, लाइव परफॉर्मेंस, वर्कशॉप, एक्सपर्ट टॉक और कोलकाता के स्वाद शामिल हैं। WBHIDCO के सहयोग से आयोजित यह मेला 22 सितंबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य कलाकारों के लिए नए बाजार बनाना और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है।
राजडांगा नबा उदय संघ तक गया हरित जुलूस
अलीपुर से एक हरित जुलूस राजडांगा नबा उदय संघ तक गया, जहां दुर्गापूजा प्रीव्यू शो 2025 का उद्घाटन हुआ। massArt सचिव ध्रुबज्योति बोस सुवो ने कहा, “दुर्गापूजा केवल पर्व नहीं, बल्कि सृजन, समुदाय और संस्कृति का उत्सव है। हमारा लक्ष्य परंपरा और नवाचार को जोड़ते हुए कलाकारों की आजीविका को बढ़ावा देना और बंगाल की कला को वैश्विक मंच तक पहुँचाना है।”
इस बार प्रीव्यू शो ने कोलकाता की 24 प्रमुख समकालीन पूजा समितियों और एक बोनेदी बाड़ी पूजा के दरवाजे पहले ही खोल दिए। साथ ही, UNESCO और IIT खड़गपुर के साथ विकसित एन्हांसिंग एक्सेसिबिलिटी पहल के तहत नई सुरक्षा व सुगम्यता गाइडलाइन भी जारी हुईं। कला और समावेशन पर केंद्रित यह आयोजन कोलकाता की दुर्गापूजा को विरासत, समुदाय और नवाचार का जीवंत कैनवास बनाता है।
