शहर

'प्रेम अमर रहे, फलता-फूलता...', चुनावी तैयारियों के बीच ममता बनर्जी ने वैलेंटाइन डे की दी बधाई

Valentine's Day: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने शनिवार को 'वेलेंटाइन डे' की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बांग्ला कविता से अपने संदेश की शुरुआत करते हुए कहा कि प्रेम अमर रहे। प्रेम स्थायी है...

Image

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

Valentine's Day: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने शनिवार को 'वेलेंटाइन डे' की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वेलेंटाइन डे प्रेम के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों का उत्सव है। पहली बार यह देखा गया है कि ममता बनर्जी ने वेलेंटाइन डे के मौके पर एक खास संदेश जारी किया है।

CM ममता ने साझा की बांग्ला कविता

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर 'वेलेंटाइन डे' की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वालीं ममता बनर्जी ने पहली बार वेलेंटाइन डे के अवसर पर संदेश साझा किया है। राज्य में विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज होने के बीच उन्होंने यह पोस्ट की है। अपने संदेश की शुरुआत उन्होंने बांग्ला कविता से की और लिखा- "प्रेम अमर रहे। प्रेम स्थायी है, फलता-फूलता है और लंबे समय तक कायम रहता है।"

ममता बनर्जी ने लिखा, "वेलेंटाइन डे प्रेम के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों का उत्सव है। प्रेम की यही भावना मेरे सार्वजनिक जीवन की यात्रा का मार्गदर्शन करती रही है। यह जनता के प्रति ऐसा प्रेम है जो तूफानों को झेल सकता है, धैर्यपूर्वक उनकी बात सुन सकता है और न्याय व गरिमा के लिए साहसपूर्वक लड़ सके।"

CM आवास के पास लगा साहित्यिक स्टॉल

मुख्यमंत्री की इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए माकपा नेता सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने रासबिहारी इलाके में मुख्यमंत्री के आवास के पास 'मैनिफेस्टो ऑफ लव' थीम पर प्रगतिशील साहित्य का स्टॉल लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि वह वहां जा सकती हैं।

ममता बनर्जी पूर्व में विभिन्न त्योहारों और अवसरों पर शुभकामनाएं देती रही हैं, लेकिन राजनीतिक हलकों में वेलेंटाइन डे पर उनका यह संदेश आगामी चुनावों से पहले युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

CM ममता ने जवानों को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले, ममता बनर्जी ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी। ममता बनर्जी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मैं सीआरपीएफ के उन बहादुर जवानों को सलाम करती हूं, जो 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में आतंकवादी कृत्य के शिकार हुए थे।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article