Kolkata Metro Inauguration Date: भारत की पहली मेट्रो सेवा की जन्मस्थली अब एक नए युग में प्रवेश कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को कोलकाता मेट्रो की तीन महत्वपूर्ण लाइनों का उद्घाटन करेंगे, जिससे न केवल शहरवासियों का जीवन आसान होगा, बल्कि उत्तर और दक्षिण 24 परगना जैसे आस-पास के ज़िलों के लाखों लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इस ऐतिहासिक मौके पर कुल 366 नई मेट्रो सेवाएं शुरू की जा रही हैं, जिससे प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 9.15 लाख हो जाएगी।

कोलकाता मेट्रो
तीन बड़ी सौगातें
1. ग्रीन लाइन – एस्प्लानेड से सियालदह (2.45 किमी)
हावड़ा और सियालदह के बीच का सफर जो अब तक सड़क मार्ग से 40–45 मिनट लेता था, वह अब केवल 11 मिनट में मेट्रो से पूरा होगा। रोज़ाना लाखों यात्रियों को ट्रैफिक से राहत और समय की बचत होगी।
2. येलो लाइन – नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर (6.77 किमी)
अब एयरपोर्ट जाना होगा और भी आसान। इस लाइन के माध्यम से एयरलाइन स्टाफ, अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्री तथा एयरपोर्ट कर्मियों को मिलेगा तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प। एस्प्लानेड से एयरपोर्ट की दूरी अब सिर्फ़ 30 मिनट में तय होगी।
3. ऑरेंज लाइन – हेमंत मुखोपाध्याय से बेलेघाटा (4.4 किमी)
साइंस सिटी, प्रमुख अस्पतालों, स्कूलों और व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली इस लाइन से यात्रा का अनुभव होगा दोगुना बेहतर। कवि सुभाष से बेलेघाटा तक की दूरी अब सिर्फ़ 32 मिनट में पूरी।
- 366 नई सेवाएं: भीड़ कम, सुविधा अधिक
- ग्रीन लाइन पर सेवाओं की संख्या बढ़कर 186 हो गई है।
- येलो लाइन पर अब कुल 120 सेवाएं चलेंगी।
- ऑरेंज लाइन पर यात्रियों को मिलेंगी 60 नई सेवाएं।

कोलकाता मेट्रो
इससे मेट्रो की आवृत्ति बेहतर होगी, इंतजार का समय घटेगा और यात्रा और भी आरामदायक बनेगी। इन विस्तारों के साथ कोलकाता मेट्रो अब न केवल शहर के भीतर बल्कि आसपास के जिलों को भी बेहतर कनेक्टिविटी देगा। अस्पताल, बिजनेस हब, स्कूल-कॉलेज, रेलवे टर्मिनल और एयरपोर्ट हर गंतव्य तक अब पहुंच तेज़, सीधा और सुरक्षित होगा।
