UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब (Cyclone Arnab) के प्रभाव से आज यानी गुरुवार 29 और कल शुक्रवार 30 अक्टूबर को मौसम बदलने वाला है। राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, आज 45 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम में बदलाव का असर राजधानी लखनऊ में भी दिखने लगा है। बुधवार को आसमान में बादल छाए रहे। मौसम अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में एक्टिव रहने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को भी कहा गया है।
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज के लिए प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर और गाजीपुर सहित आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चित्रकूट, कौशांबी और अंबेडकर नगर में भी भारी बारिश होने की आशंका है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का प्रभाव ज्यादा रहने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
45 जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी
आज बांदा, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, गोरखपुर और रामपुर सहित 45 जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। खराब मौसम के कारण खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने गोरखपुर, श्रावस्ती और बहराइच सहित आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, लखनऊ, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मेरठ, बरेली और शाहजहांपुर समेत 40 से ज्यादा जिलों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
राजधानी लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ के आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। शाम या रात के समय एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें - 1967 की वो घटना, जिसने UP में कांग्रेस का किला हिला दिया
मौसम के इस बदलाव के पीछे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव के साथ लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता को भी एक कारक बताया गया है। राहत आयुक्त कार्यालय ने भी एडवाइजरी जारी की है। लोगों को आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
