Kinnaur Flash flood: हिमाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के किन्नौर जिले में सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। नदी के बढ़ते स्तर को देखते हुए निचले इलाकों में लगातार बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इस बीच जिले के पानवी में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई है। इसकी एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें पानी के साथ पहाड़ से मलबा आते हुए दिख रहा है। इसके अलावा मनाली में भी कई मार्ग बंद हो गए हैं।
मनाली में कई मार्ग ठप
भारी बारिश के कारण मनाली-लेह मार्ग बाहंग में भूस्खलन होने के कारण बंद हो गया है। ओल्ड मनाली से बुरुआ को जाने वाली सड़क भी बंद है। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे बिंदु ढाक के समीप सड़क बहने के कारण यातायात ठप हो गया। ब्यास नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है ग्रीन टैक्स बैरियर आलू ग्राउंड के पास पानी सड़क पर बह रहा है, जिसके कारण यातायात प्रभावित है। हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बनकर बरस रही है। जगह-जगह भूस्खलन होने से आसपास के लोगों पर खतरा बना हुआ है। इसके अलावा बीते दिनों में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बादल फटने की भी खबर सामने आई हैं।
हिमाचल प्रदेश के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा और मंडी में अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहीं हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कुल्लू में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा शिमला और लाहौल एंड स्पीति में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
