शहर

Khalari News: रांची के पास साइको ने प्रेमिका को मारी गोली, फिर वीडियो बनाकर खुद की ली जान

रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर खलारी में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, गुरुग्राम में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला दोस्त को गोली मार दी। दोनों मामलों में पीड़ित महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं। गुरुग्राम मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

मृतक की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Khalari News: झारखंड की राधानी रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर खलारी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर घर जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यह घटना खलारी स्थित केडीएच ग्राउंड के नजदीक हुई। युवक ने सुबह अपनी प्रेमिका को वहां रोका। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, लेकिन उसके तुरंत बाद युवक ने लड़की पर गोली चला दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना से बाद बनाया वीडियो

स्थानीय सूत्रों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने घटना को अंजाम देने से बाद एक वीडियो भी बनाया था। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। प्रेमिका को गोली मारने के बाद युवक मौके से फरार हो गया और सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

गुरुग्राम में भी ऐसी ही वारदात

गुरुग्राम में भी ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला दोस्त को गोली मार दी। पीड़िता 25 वर्षीय विवाहित महिला है, जो गुरुग्राम के एक क्लब में काम करती है। यह घटना 20 दिसंबर की रात की है। आरोपी तुषार ने अपने साथी शुभम के साथ क्लब में पहुंचकर युवती से शादी करने की बात कही। युवती के इनकार करने पर तुषार ने पिस्टल से उसके पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

घायल युवती को तुरंत गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती की हालत गंभीर थी, जिसके चलते उसका बयान नहीं लिया जा सका। बाद में उसके पति की शिकायत पर थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों तुषार उर्फ जोंटी और शुभम उर्फ जॉनी को उत्तर प्रदेश के बड़ौत से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तुषार और पीड़िता की दोस्ती करीब छह महीने पुरानी थी और वह लगातार शादी का दबाव बना रहा था। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब हथियार की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!