Kedarnath Yatra Marg Landslide: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग से डरावनी तस्वीरें सामने आई हैं। गौरीकुंड शटल पार्किंग और मनकुटिया मंदिर के बीच भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे सोनप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग और पैदल यात्रा मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। सोनप्रयाग-गौरीकुंड पैदल मार्ग के मुनकटिया क्षेत्र में लगातार भूस्खलन जारी है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण पहाड़ों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे यात्रा मार्गों की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है।
बताया जा रहा है कि इन हालातों का सबसे बड़ा असर केदारनाथ यात्रा पर पड़ा है, जो आज लगातार दूसरे दिन पूरी तरह बंद है। इसके साथ ही केदारनाथ धाम में पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति भी ठप है। गौरीकुंड में फंसे करीब ढाई हजार तीर्थ यात्रियों को NDRF और SDRF की टीमों द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि, सोनप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग को पूरी तरह से खोलने में अभी कम से कम दो दिन और लग सकते हैं क्योंकि क्षेत्र में लगातार भूस्खलन हो रहा है। स्थिति को देखते हुए सोनप्रयाग पहुंच रहे तीर्थ यात्रियों को वापस भेजा जा रहा है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
