शहर

Katihar Flood: बाढ़ में ‘बोट एंबुलेंस’ बनी सहारा, नाव से घर-घर पहुंच रही मेडिकल टीम

Katihar News: कटिहार में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ पीड़ितों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रशासन ने ‘बोट एंबुलेंस’ शुरू की है। घर-घर पहुंचकर मरीजों की जांच और इलाज किया जा रहा है।

Image

कटिहार में बाढ़ में शुरू हुई बोट एंबुलेंस

Photo : Times Now Digital

Katihar Flood News: बिहार के कटिहार जिले में नदियों का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। यहां गंगा, कोसी, बरंडी और कारी कोसी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके चलते कई इलाकों में लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं। करीब 8 लाख 80 हजार 140 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इस मुश्किल हालात में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित लोगों तक इलाज पहुंचाने के लिए ‘बोट एंबुलेंस’ शुरू की है। नाव पर डॉक्टर, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की टीम जरूरी दवाइयों और मेडिकल सामान के साथ प्रभावित लोगों के पास पहुंच रही है।

नाव से मरीजों के घर पहुंच रही मेडिकल टीम

कटिहार में नदियों के उफनते पानी और बाढ़ के कारण कई लोग अपने घरों में ही फंस गए हैं। ऐसे में तबीयत खराब होने पर लोग चाहकर भी अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में बोट एंबुलेंस सेवा लोगों के लिए एक बड़ा सहारा बनकर सामने आई है।

कटिहार के बरारी प्रखंड में फिलहाल दो बोट एंबुलेंस चलाई जा रही हैं। मेडिकल टीम नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित गांवों तक पहुंचती है और घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है। मरीजों की परेशानी जानने के बाद उन्हें जरूरत के अनुसार दवाइयां दी जा रही हैं।

फंगल इंफेक्शन और बुखार के मरीज ज्यादा

स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंगल इंफेक्शन, बुखार और खांसी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत ज्यादा मिल रही है। ऐसे में टीम मौके पर ही मरीजों की जांच कर उन्हें जरूरी उपचार और दवाइयां उपलब्ध करा रही है। ANM कुसुम कुमारी ने बताया कि जो मरीज बाढ़ की वजह से अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके पास स्वास्थ्य विभाग की टीम खुद पहुंच रही है। इससे मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है।

गर्भवती महिलाओं के लिए भी दवाइयों की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी दवाइयों की भी व्यवस्था की है। मेडिकल टीम नाव से ऐसे इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद महिलाओं और अन्य मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है। बरारी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मो. मुशर्रत हुसैन ने बताया कि बाढ़ के कारण लोग घरों में कैद हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम बोट एंबुलेंस के जरिए सीधे उनके पास पहुंचकर इलाज और राहत पहुंचा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article