साध्वी प्रेम बाईसा की मौत से उठा पर्दा, इन वजहों से गई जान; मेडिकल रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
- Edited by: Pushpendra Kumar
- Updated Feb 14, 2026, 11:14 PM IST
राजस्थान में कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में मेडिकल बोर्ड की विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की पुष्टि हुई है। कहा गया है कि फेफड़ों की गंभीर बीमारी के चलते उन्हें कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई।
साध्वी प्रेम बाईसा (फाइल फोटो-ट्विटर)
जोधपुर : साध्वी प्रेम बाईसा के निधन पर बड़ा खुलासा हुआ है। शनिवार शाम जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्पेशल इन्वेस्टिगेटिंग टीम (SIT) की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए बताया कि साध्वी की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था, जिसकी अगुवाई छवि शर्मा ने की। टीम ने घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। कहा गया है कि फेफड़ों की गंभीर बीमारी के चलते उन्हें कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बिना किसी डॉक्टर की विधिवत पर्ची के इंजेक्शन लगाया गया था। संबंधित पर्ची भी उपलब्ध नहीं है। पुलिस के अनुसार, यही लापरवाही साध्वी प्रेम बाईसा की मृत्यु का प्रमुख कारण बनी। प्राथमिक जांच में कंपाउंडर देवी सिंह राजपुरोहित (देवीलाल सिंह) की भूमिका संदिग्ध पाई गई है और उनके खिलाफ लापरवाही सामने आई है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सकीय लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या था घटनाक्रम
दरअसल, 28 जनवरी को जोधपुर शहर के बोरानाडा इलाके स्थित आरती नगर आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें जुकाम और सांस लेने में परेशानी की शिकायत बताई गई थी। इलाज के लिए कंपाउंडर को बुलाया गया, जिसने दो इंजेक्शन लगाए। परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद उनकी हालत और अधिक गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें पाल रोड स्थित प्रेक्षा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिजन शव को आश्रम ले गए, लेकिन पुलिस हस्तक्षेप के बाद शव को एमजीएच की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। 29 जनवरी को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर साध्वी प्रेम बाईसा की मौत हार्ट अटैक से हुई। हालांकि, जांच में यह भी पाया गया कि इंजेक्शन लगाए जाने में बरती गई लापरवाही ने स्थिति को गंभीर बना दिया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है और विस्तृत रिपोर्ट न्यायालय में पेश की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
