शहर

Kashmir Weather Report: कश्मीर में मौसम हुआ मेहरबान, रिकॉर्ड गर्मी पर झमाझम बारिश ने लगाया ब्रेक; लुढ़का पारा

Kashmir Weather Report: घाटी में हीटवेव और भीषण गर्मी के बीच बारिश राहत बनकर आई है। आज कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। उधर, श्रीनगर में बादल छाए हुए हैं और तापमान 24 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

Image

कश्मीर का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kashmir Weather Report: देश के तमाम हिस्सों में मॉनसून सक्रिय (Monsoon Active) है। लेकिन, कई राज्य अभी भी गर्मी की चपेट में हैं। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के बाद उमस से लोग खासा परेशान हैं। वहीं, कश्मीर में भीषण गर्मी से हालात और बदतर हैं। लेकिन, सोमवार की सुबह से मौसम का रुख थोड़ा नरम हुआ है। हीटवेव के बाद कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सुबह से भारी बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि श्रीनगर में बादल छाए हुए हैं और तापमान 24 डिग्री से नीचे चला गया है।

घाटी के इन इलाकों में बारिश

श्रीनगर मेट्रोलॉजिकल विभाग ने कहा कि अगले 3 घंटों के दौरान गुलमर्ग, तंगमर्ग, बारामूला, बडगाम के कई इलाकों, दक्षिण केएमआर के कई स्थानों और श्रीनगर और गांदरबल जिले के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बादल छाए रहेंगे। इससे भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद है। आपको बता दें कि रविवार को रिकॉर्ड गर्मी दर्ज किए जाने के बाद कश्मीर में 29 और 30 जुलाई को प्राथमिक कक्षाओं तक के सभी स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए थे। फिलहाल, आज और कल दो दिन स्कूल बंद रहेंगे।

25 साल में जुलाई का सबसे गर्म दिन रविवार

घाटी में रविवार तक भीषण गर्मी से लोग परेशान थे। मौसम विभाग ने भी बढ़ती गर्मी से तत्काल कोई राहत की उम्मीद नहीं जताई थी। रविवार को श्रीनगर में तापमान 36.2 रिकॉर्ड किया गया, जो इस दशक में सबसे ज्यादा है। घाटी के कई इलाकों में रविवार को 25 साल में जुलाई का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां 9 जुलाई 1999 को सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया था। तब अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

1946 में पहुंचा था इतना तापमान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीनगर में सबसे गर्म जुलाई का दिन 10 जुलाई 1946 को दर्ज किया गया था। तब यहां का तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। उधर, दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और कोक और कोकरनाग कस्बों में भी रविवार सबसे गर्म जुलाई का दिन रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने आगे बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगर, इसी रफ्तार के साथ मौसम मेहरबान हुआ तो आने वाले दिनों में तापमान में कमी की पूरी गुंजाइश है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article