Rain in Noida: गौतमबुद्ध नगर में इस बार मॉनसून कम मेहरबान हुआ है। मॉनसून के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार यहां सामान्य से 87 फीसदी कम बारिश हुई है। नोएडा और ग्रेनो में एक जून से 28 जुलाई तक सामान्य तौर पर 196.4 मिमी बारिश होती है। लेकिन इस बार यहां सिर्फ 25.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इन दोनों शहरों से ज्यादा दिल्ली-एनसीआर के शहरों में बारिश दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी यूपी के जिलों में भी सबसे कम बारिश गौतमबुद्ध नगर (नोएडा-ग्रेटर नोएडा) में दर्ज हुई।
दिल्ली-एनसीआर के शहरों में हुई कितनी बारिश
मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट के मुताबिक इस मॉनसून दिल्ली-एनसीआर में सबसे कम बारिश नोएडा और ग्रेनो में हुई। जिसके बाद पश्चिमी दिल्ली में 68 फीसदी कम बारिश हुई। वहीं गाजियाबाद में एक जून से 28 जुलाई तक 39 फीसदी कम बारिश हुई। यहां पर सामान्य तौर198 मिमी बारिश होती है और इस बार 119.8 मिमी बारिश अब तक दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा फरीदाबाद में 33 फीसदी और गुरुग्राम में 27 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। वहीं दिल्ली के 9 स्थानों में से सबसे कम बारिश पश्चिमी दिल्ली में दर्ज की गई।
अलर्ट के बावजूद नहीं बरसे बदरा
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जुलाई के पहले हफ्ते बादलों की आवाजाही देखने को मिली। लेकिन सिर्फ दो दिन ही मूसलाबार बारिश हुई। कई बार मौसम विभाग के द्वारा अलर्ट जारी करने के बाद भी बारिश नहीं हुई। जिस वजह से करीब एक महीने उमस भरी गर्मी ने लोगों को खूब सताया। हालांकि मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
पश्चिमी यूपी में बारिश का आंकड़ा
पश्चिमी यूपी में गौतमबुद्ध नगर के बाद सबसे कम बारिश शामली में हुई। यहां सामान्य 76 फीसदी कम बारिश हुई। इसके अलावा हापुड़ में 38 फीसदी, बागपत में 47 फीसदी, बुलंदशहर में 31 फीसदी, अमरोहा में 43 फीसदी और मेरठ में 9 फीसीद बारिश दर्ज हुई। वहीं आगरा में सामान्य बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी में सबसे अधिक बारिश मुरादाबाद में हुई। यहां सामा्य से 63 फीसदी अधिक बारिश हुई।
