Kasganj Murder News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां नामकरण संस्कार के दौरान एक शख्स ने महज इस बात पर 9 साल के मासूम को गोली मार दी, क्योंकि उसने शराब के लिए पानी देने से मना कर दिया था। गोली से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है।
आरोपी ने बच्चे के पेट में मारी गोली
यह घटना शुक्रवार देर रात सहावर थाना क्षेत्र के गांव यकूतगंज में हुई। मृतक बच्चे के पिता सुखबीर ने बताया कि गांव में पड़ोसी जसवीर गोला के घर नामकरण संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें धनेश यादव नाम का शख्स भी आया था। उसने 9 वर्षीय यश से शराब पीने के लिए पानी लाने को कहा। आरोप है कि बच्चे ने पानी लाने से मना कर दिया, जिससे आरोपी भड़क गया। उसने गुस्से में आकर तमंचे से बच्चे के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
कार्यक्रम के दौरान गोली चलने की आवाज सुनते अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोगों ने बच्चे को खून से लथपथ हालत में देखा। जिसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल कासगंज ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बच्चे को अलीगढ़ रेफर कर दिया। शनिवार दोपहर इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
घटना के बाद परिजनों पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जिसके बाद आरोपी को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसी तमंचे का इस्तेमाल आरोपी ने मासूम बच्चे के ऊपर किया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
