Karnataka News: कर्नाटक के बल्लारी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक निजी आवासीय स्कूल के हॉस्टल में नौवीं कक्षा के एक छात्र ने शनिवार रात अचानक हिंसक रूप अपनाते हुए अपने साथियों पर हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने लोहे की रॉड और एक तेज धारदार हथियार से उनपर ताबड़तोड़ वार किया। जिसमें एक छात्र की मौत हो गई और सात अन्य छात्र घायल हो गए।
आरोपी छात्र पुलिस हिरासत में
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया था। हालांकि, सोमवार को पुलिस ने उसे शहर के बाहरी इलाके से पकड़ लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने छात्र को हिरासत में ले लिया गया है और फिलहाल उसकी काउंसलिंग की जा रही है। प्रोटोकॉल के अनुसार डॉक्टरों की एक टीम उसकी मेडिकल जांच भी कर रही है।
सो रहे छात्रों पर किया हमला
पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार रात स्कूल के हॉस्टल में हुई। जहां नौ छात्र एक सामाजिक विज्ञान के टीचर की निगरानी में रह रहे थे, जो कि हॉस्टल के वार्डन भी हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में रात को खाना खाने के बाद सभी छात्र सो रहे थे, तभी आरोपी छात्र ने लोहे की रॉड और एक धारदार वस्तु से अचानक उनपर हमला कर दिया। जिसमें एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही कि किसी मामूली विवाद के कारण आरोपी ने गुस्से में आकर घटना को अंजाम दिया। फिलहाल ब्रूसपेट थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
