शहर

दिल्ली में बनेगा एक और कर्नाटक भवन, नेता, मंत्री, सांसद नहीं; सिविल सेवा के अभ्यर्थियों को मिलेगी खास सुविधा

सीएम शिवकुमार ने कहा कि हमने नई दिल्ली में कर्नाटक भवन-4 बनाने का भी फ़ैसला किया है। यह सुविधा विधायकों या अधिकारियों के लिए नहीं, बल्कि आईएएस, आईएफएस, आईआरएस और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए है।

Image

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार (फोटो-@DKShivakumar)

बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए नयी दिल्ली में ’कर्नाटक भवन-4’ के निर्माण, राज्य परिवहन निगमों के लिए 620 नई बसों को मंजूरी और पूरे राज्य में स्वास्थ्य देखभाल अवसंरचना में बड़े पैमाने पर निवेश समेत राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए कई निर्णयों की शनिवार को घोषणा की। मंत्रिमंडल ने कुछ ग्रामीण कृषि ढांचों को विनियामक नियमों से छूट देने, यादगीर में 200 बिस्तरों वाले सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल, चिकित्सा अवसंरचना परियोजनाओं लिए वित्तपोषण और दिल्ली में कर्नाटक प्रशासनिक एवं कानूनी समन्वय तंत्र को फिर से व्यवस्थित करने की प्रक्रिया शुरू करने को भी मंजूरी दी।

शिवकुमार ने अपनी सरकार की दूसरी मंत्रिमंडलीय बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ’’हमने नयी दिल्ली में कर्नाटक भवन-4 बनाने का भी फ़ैसला किया है। यह सुविधा विधायकों या अधिकारियों के लिए नहीं है। यह आईएएस, आईएफएस, आईआरएस और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मिलेगी सुविधा

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कर्नाटक भवन-4 को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा लगभग 80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा और इसमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए रहने और पढ़ाई की सुविधाएं होंगी। अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद कर्नाटक भवन का इस्तेमाल प्रशासनिक कार्यों के लिए किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नये कर्नाटक भवन में आवास सुविधा का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा अनुसूचित जाति/जनजाति विद्यार्थियों के लिए आरक्षित होगा, जबकि बाकी सीट दूसरी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध होंगी। शिवकुमार ने नयी दिल्ली में स्थानीय आयुक्त के कार्यालय के पुनर्गठन की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की परियोजनाओं और योजनाओं की निगरानी करने एवं केंद्र सरकार के साथ कर्नाटक के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए एक खास व्यवस्था बनाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article