Farrukhabad Road Accident: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक बाइक बेकाबू होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति समेत तीन लोग बाढ़ के पानी में बह गए। हालांकि बाइक सवार पति-पत्नी के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि उनके पड़ोसी मौसा की तलाश में अभियान चल रहा है। शमसाबाद के दादूपुर केहरी नगला के पास यह हादसा हुआ। मंगलवार देर रात अस्पताल से लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति समेत तीन लोग पुलिया से गंगा नदी में गिर गए। बाइक समेत दंपत्ति और अन्य तीसरा शख्स गंगा में पानी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शमशाबाद थाना इलाके के गांव दादूपुर के रहने वाले सारदेव की पत्नी के पेट में मंगलवार को दर्द हो रहा था। इस पर पति सारदेव अपने पड़ोस में रहने वाले मौसा राम लड़ेते (45) के संग बाइक पर पत्नी को लेकर पड़ोसी गांव सुल्तानगंज खरेटा पहुंचा।
महिला का इलाज कराने के बाद लौट रहे थे घर
महिला का इलाज कराने के बाद तीनों मंगलवार रात करीब तीन बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में बहता की पुलिया से बाइक बेकाबू हो गई और तीनों बाइक समेत पुलिया से नीचे गंगा में गिर गए। बुधवार की सुबह लोग जब पुलिया से गुजरे तो गंगा में बाइक पड़ी देखी। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र के लोगों ने संबंधित थाने की पुलिस को मामले की जानकारी दी। खबर मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की गई।
दंपत्ति के शव मिले, तीसरे की तलाश जारी
महिला का शव पुलिया से करीब 10 मीटर दूर पड़ा मिला। बाइक सवार बाकी दो लोगों की तलाश भी शुरू की गई। गोताखोरों को कुछ देर बाद सारदेव का शव पुलिया से करीब 30 मीटर दूर मिल गया। हालांकि अभी तक गोताखोर तीसरे शख्स की तलाश कर रहे हैं। पति और पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं तहसीलदार कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में पुलिस फोर्स गोताखोर लगाकर राम लड़ेते की तलाश कर रही हैं।
