कानपुर

पीलीभीत में किशोर की निर्मम हत्या, 6 टुकड़ों में मिला शव, आपसी रंजिश बनी मौत की वजह

UP: यूपी के पीलीभीत जिले में आपसी रंजिश में चार लोगों ने मिलकर एक 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी और उसके शव के 6 टुकड़े करके बोरे में भर उसे नदी में फेंक दिया। युवक का शव मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार किया है और एक अन्य की तलाश जारी है।

Image

पीलीभीत में किशोर की निर्मम हत्या, 6 टुकड़ों में मिला शव, आपसी रंजिश बनी मौत की वजह

UP: उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है। यहां खकरा नदी से एक बोरा मिला है, जिसमें 16 साल के किशोर का शव बरामद हुआ है। इसमें सबसे हैरान कर देने वाली बात ये है कि बोरे में बच्चे के शव के टुकड़े करके उसे नदी में फेंका गया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के मोहल्ले के ही रहने वाले एक युवक समेत तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

बोरे में मिले किशोर के शव के टुकड़े

पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने खकरा नदी में एक बोरे से एक किशोर का कई टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि शव के कटे हुए हाथ-पैर बोरे से बाहर आ गए थे, जबकि सिर तथा शरीर के अन्य अंग बोरे में ही थे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव के टुकड़ों को नदी से बाहर निकलवाया। पांडेय के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त न्यूरिया थाना क्षेत्र के बिथरा गांव निवासी पूरन लाल उर्फ सागर के रूप में हुई है।

अधिकारी ने आगे बताया कि शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है और परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हीं के मोहल्ले में रहने वाले शुभम वाल्मीकि ने सागर की हत्या की है। पांडेय के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में शिवम और उसके दो साथियों-बॉबी और प्रमोद को आज गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपना जुर्म

पांडेय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर अपने एक अन्य साथी की मदद से सागर को अगवा किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पांडेय के मुताबिक, आरोपियों ने कहा कि हत्या के बाद उन्होंने सागर के शव के छह टुकड़े करके बोरे में भर दिए और उसे नदी में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम की गांव में मांस की दुकान है और उसने दुकान में मौजूद उपकरणों से सागर के शव के कई टुकड़े किए थे।

आपसी रंजिश बनी मौत की वजह

पांडेय ने बताया कि मृतक की मां इंद्रवती ने पुलिस को बताया है कि सागर 10 मार्च को शाम सात बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और दो दिन खोजबीन करने के बाद थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इंद्रवती ने बताया कि उसका बेटा सागर मजदूरी करता था और मोहल्ले के ही रहने वाले शुभम वाल्मीकि से उसका पिछले तीन साल से विवाद था।

इंद्रवती ने आरोप लगाया कि सागर अक्सर शुभम की गुंडागर्दी का विरोध करता था और एक सप्ताह पहले शुभम ने सागर को होली के दिन जान से मारने की धमकी दी थी। मृतक के चाचा अंगन लाल ने बताया कि शुभम और सागर के बीच एक साल पहले मारपीट हुई थी, जिसे लेकर मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article