Mass Marriage Ceremony: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में दो चौंकाने वाले मामले सामने है। एक दूल्हा और दुल्हन सात जन्म के बंधन में बंधने के लिए सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे थे। लेकिन वो शादी नहीं कर पाए। दरअसल, उनका नाम शादी करने वाले जोड़ों की सूची में नहीं था। जब उन्हें इस बात का पता चला तो उन्हें एहसास हुआ कि वो ठगी का शिकार हो गए हैं। दूल्हे और दुल्हन ने शादी के लिए एक संस्था को विवाह कराने के लिए छह हजार रुपये दिए थे। जबकि एक दूसरे मामले में दुल्हन सज-धजकर अपने पीया का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा बारात लेकर नहीं आया। इसके बाद दुल्हन रोते हुए अपने घर चली गई।
कांशीराम कॉलोनी सनिगवां की रहने वाली तनु अपने पिता राजू और अन्य रिश्तेदारों के साथ मोतीझील लॉन में सामूहिक विवाह समारोह में शादी करने पहुंची थी। तनु के साथ कर्नलगंज में रहने वाला दूल्हा आकाश तिवारी भी था। दोनों जब समारोह में पहुंचे तो जानकारी मिली कि उनका नाम लिस्ट में शामिल नहीं है। आकाश के अनुसार, एक संस्था ने उनका विवाह कराने के लिए छह हजार रुपये लिए थे, लेकिन अब वो लापता है। उसका मोबाइल भी बंद है।
