कानपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर में आजाद नगर के पास मैनावती मार्ग पर बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक बस के अचानक से ब्रेक फेल हो गए। जिसके बाद बस पूरी तरह से अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतर कर पास के यूनीपोल से जा टकराई। बताया जा रहा है कि, बस को बड़े हादसे से बचाने के लिए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए यह टक्कर की, नहीं तो यह टक्कर दूसरी गाड़ी के साथ होकर बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी। इस टक्कर के बाद बस में सवार किसी भी छात्र को चोट नहीं आई, बस ड्राइवर को हल्की चोटे आई हैं। हादसे के बाद बच्चों को दूसरी बस से स्कूल भेजा गया।
कानुपर पुलिस ने बताया कि, सिंहपुर स्थित एक निजी स्कूल की एक बस करीब 40 बच्चों को लेकर सुबह स्कूल जा रही थी। जब वह आजाद नगर पहुंची तो अचानक से बस के ब्रेक फेल हो गए। पुलिस के अनुसार, ब्रेक फेल होते ही ड्राइवर ने बस की स्पीड कम कर ली। हालांकि इसके बाद भी बस अनियंत्रित हो गई। जिसके बाद ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क किनारे लगे यूनीपोल से बस को टकरा दिया।
हादसा होते ही बच्चों में मच गई चीख-पुकारहादसे के बाद बस में बैठे बच्चों के बीच डर के कारण चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बच्चों को बस के अंदर से बाहर निकाला और उन्हें समझाकर शांत कराया। वहीं घटना की जानकारी पुलिस और स्कूल प्रबंधन को दी गई। जिसके बाद स्कूल की तरफ से दूसरी बस भेज कर बच्चों को स्कूल पहुंचाया गया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए नवाबगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। इस हादसे में किसी बच्चे को चोट नहीं लगी है। ड्राइवर से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
