कानपुर

Kanpur Boating: कानपुर में गंगा तट पर 24 से ले सकेंगे बोटिंग का मजा, समय और दरें हुईं निर्धारित, पढ़ें पूरी जानकारी

Kanpur Boating:कानपुर में शहरवासी और अन्य पर्यटक गंगा तट पर जल क्रीड़ा पर्यटन का 24 दिसंबर से आनंद ले सकेंगे। 23 दिसंबर को फाइनल ट्रायल होगा। इसके बाद अगले दिन बोट क्लब को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में आयोजित बोट क्लब संचालन समिति की बैठक में दरें और समय भी तय कर दिया है।

Image

24 दिसंबर से कानपुर का बोट क्लब होगा शुरू

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 24 दिसंबर से कानपुर का बोट क्लब होगा शुरू, 23 दिसंबर को फाइनल ट्रायल
  • बोट क्लब में बोटिंग के लिए समय और शुल्क निर्धारित
  • 600 रुपये में महीने भर कर सकेंगे मॉर्निंग वॉक, 50 रुपये में कर सकेंगे बोटिंग

Kanpur Boating: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में 15 वर्ष से चल रही बोट क्लब चलाने की कवायद पूरी हो गई है। शहरवासियों के अलावा पर्यटक भी 24 दिसंबर से बोट क्लब का आनंद उठाएंगे। 23 दिसंबर को फाइनल ट्रायल के बाद अगले दिन बोट क्लब को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। बुधवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में आयोजित बोट क्लब संचालन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है। कमिशनर कैंप कार्यालय में इसकी दरें और समय भी तय कर दिया है। सुबह, दोपहर और शाम की अलग-अलग दरें रहेंगी। मंडलायुक्त के अनुसार निर्धारित दरों की अगले छह माह बाद फिर से समीक्षा होगी। बोट क्लब की गतिविधियों के साथ ही गंगा आरती, लेजर शो के आयोजन भी नियमित चलते रहेंगे। आपदाओं में त्वरित मदद के लिए पीएसी की बाढ़ इकाई स्थापित भी होगी।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ दिसंबर को ही बोट क्लब का लोकार्पण किया था। लोकार्पण के बाद ही इसे चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। साल 2016 से इसका निर्माण किया जा रहा है। बोट क्लब में आने वाले लोग तीन स्टेडियम नुमा घाट, गंगा आरती, जल क्रीड़ा और लेजर शो का आनंद उठा सकेंगे।

मासिक सैर के लिए आने वालों को 600 रुपये माह में जारी होगा पास

कमिश्नर ने बताया कि बनारस की तर्ज पर गंगा तट पर संगीत कार्यक्रम होंगे। गंगा नदी में बोट राइड, वाटर स्कूटर राइड, स्पीड मोटर बोट राइड के साथ ही ड्रैगन बोट की सवारी भी यहां आने वाले लोगों को रोमांचित करेगी। फूड कोर्ट, फोटोग्राफ पॉइंट और टिकट काउंटर भी यहां बनाया गया है। बोट क्लब में सुरक्षा के लिए 22 कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, गर्मियों में बोटिंग सुबह पांच से आठ बजे तक हुआ करेगी। इसके लिए निर्धारित शुल्क 50 रुपये प्रति व्यक्ति दो घंटे के लिए देना होगा। ठंड में बोटिंग सुबह छह बजे से नौ बजे तक कर सकेंगे। सुबह की सैर करने वालों के लिए यह सुविधा मासिक शुल्क के रूप में 600 रुपये प्रति व्यक्ति तय की गई है।

वाटर स्कूटर राइड प्रति व्यक्ति 225 रुपये तय किया गया

सामान्य स्थिति में सुबह नौ बजे से चार बजे तक का समय है। इसका प्रवेश शुल्क 80 रुपये प्रति दो घंटे के लिए तय किया गया है। इसके बाद अगले एक घंटे के लिए 50 रुपये शुल्क प्रति व्यक्ति अतिरिक्त देना होगा। सूर्यास्त या रात्रिकालीन भ्रमण का समय शाम चार बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसका शुल्क प्रति दो घंटे के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये रहेगा। बोट राइड, स्पीड बोट के लिए प्रति राइड प्रति व्यक्ति 175 रुपये निर्धारित किया गया है। वाटर स्कूटर राइड के लिए प्रति व्यक्ति 225 रुपये तय हुए हैं। पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश शुल्क मुक्त रहेगा, जबकि सीनियर सिटीजन (65 वर्ष से अधिक) के लिए आधा शुल्क लिया जाएगा।

Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article