Kanpur E bus: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बसों से सफर करने वाले लोगों के लिए गुड न्यूज है। नए वित्तीय वर्ष में कानपुर में ई-बसों का बेड़ा उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा होगा। कानपुर में 98 ई-बसों में रोज 18 हजार से अधिक लोग यात्रा कर रहे हैं। कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड ने बेड़ा बढ़ाने का निर्णय ले लिया है। चुनाव आचार संहिता खत्म होते ही ई-बसें चरणवार आनी शुरू हो जाएंगी। इनका दायरा उन्नाव और फतेहपुर तक बढ़ाने का असर हुआ कि यात्री भार छह माह के अंदर तीन गुना हो गया है। 250 बसों का बेड़ा अभी यूपी के किसी दूसरे जिले में नहीं है। रोडवेज ई-बस सेवा के अधिकारियों ने बताया कि 150 नई बसों के बेड़े में शामिल होने पर इनका संचालन शहर के 28 रूटों पर होगा। अनुमान है कि ई बसों का बेड़ा 250 बसों का होने पर यात्री भार 60 हजार को भी पार कर जाएगा।
कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह के अनुसार, नई ई बसों के आने पर अहिरवां में पार्किंग की परेशानी होगी। इस वजह से मंधना से बैराज के बीच नया ई-बस डिपो खोलना प्रस्तावित किया गया है। इसके लिए पांच एकड़ जमीन भी मांगी गई है। इसके लिए पत्र भी भेज दिया है। प्रशासन से जमीन मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
