कानपुर

नए साल से पहले कोहरे-धुंध की चादर से ढका Kanpur, चलेगी शीतलहर; ट्रेनें लेट और न उतर पाईं फ्लाइट्स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 1, 2023, 08:40 PM IST

Kanpur Weather Update: साल 2022 के आखिरी दिन कानपुर कोहरे और धुंध की चादर से ढक गया। बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। यह सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग ने डार्क यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

Image

अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • नए साल से पहले कोहरा और धुंध की चादर से ढका कानपुर शहर
  • मौसम विभाग ने जारी किया डार्क यलो अलर्ट
  • अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत

Kanpur Weather Update: कानपुर में साल के आखिरी दिन कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ। कानपुर में 2022 का आखिरी दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पूरे दिन बर्फीली हवाओं के झोंके से शहर कांपता रहा। अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री से लुढ़ककर 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने डार्क यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। फिलहाल शीतलहर का एलान नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल पर कड़ाके की ठंड के आसार हैं। प्रदेश से सटे पर्वतीय इलाकों में होने वाली बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। इसके कारण गलन बढ़ती जा रही है।

साल के आखिरी दिन ट्रेन, बस और फ्लाइटों पर कोहरे का भीषण असर रहा। स्पाइस जेट की मुंबई, दिल्ली तो इंडिगो की बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइटें न तो आईं और न ही गईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि, राजधानी दिल्ली, कानपुर मंडल और लखनऊ मंडल में ऐसे ही ठंड बनी रहेगी।

2 जनवरी को ऐसा रहेगा तापमान

इन इलाकों में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से कम रहने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि, पहाड़ों पर फिलहाल बारिश नहीं होगी। पहला पश्चिमी विक्षोभ पहले ही चला गया है। नए वर्ष में शीतलहर की स्थिति बनेगी। मौसम विभाग के अनुसार, साल के पहले दिन कानपुर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहने का अनुमान है। 2 जनवरी को भी न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है। जबकि अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। साथ ही कोहरा छाया रहेगा। कानपुर में शनिवार को कोहरा अधिक था। इस वजह से बस अड्डे पर यात्री नहीं मिले। ऐसे में 47 बसें निरस्त कर दी गईं। श्रमशक्ति समेत 51 ट्रेनें एक से चार घंटे लेट पहुंची। 2876 यात्रियों ने टिकट कैंसिल कराए। कनेक्टिंग आरक्षण के कारण 119 को दूसरी ट्रेनों से गंतव्य को भेजा गया।

क्या हैं कोहरा व स्मॉग

अनुकूल परिस्थितियों में हवा के बिना ऊपर उठे ही जलवाष्प जल की नन्हीं बूंदों में तबदील हो जाती है, तब इसे कोहरा कहा जाता है। जब कोहरा और धुआं मिल जाता है तो उसे स्मॉग कहते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article