Kanpur Murder News: कानपुर के परमपुरवा में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर शालू की हत्या से सनसनी फैल गई। हत्या की वजह पत्नी, प्रेमिका और इंस्टाग्राम रील का ट्रायंगल बताया जा रहा है। इसके अलावा मुख्य आरोपी को गाली देना भी एक प्रमुख वजह सामने आ रही है। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को दो और आरोपियों की तलाश है।
जानकारी के अनुसार, पांच अक्टूबर को देर रात शालू को हिस्ट्रीशीटर शिवम बांगरू और दो अन्य लोग घर से बुला ले गए थे। अगले दिन उसका शव रावतपुर स्टेशन के नजदीक ट्रैक पर पड़ा मिला था। शालू के भाई शेरू ने उसकी पहचान की थी। शेरू की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण और हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। जूही पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शिवम बांगरू, अमित पासवान और सनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया था कि शिवम के साथ अमित और सनी ही शालू को बुलाकर ले गए थे। शिवम और शालू की दोस्ती थी। दोनों एक साथ कई बार जेल भी गए थे। रंगदारी वसूलने के एक मामले में शालू 10 महीने जेल में रहकर लगभग दो माह पहले ही छूटा था। एसीपी बाबूपुरवा आलोक सिंह के अनुसार जेल से बाहर आने पर उसने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एक रील बनाई थी, यह उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी।
जेल में हुई थी शालू और बेटू शुक्ला की दोस्ती
पूछताछ में आरोपियों ने खुलास किया कि साल 2017 में एक कुत्ता व्यापारी की हत्या मामले में फजलगंज पुलिस ने दर्शनपुरवा के रहने वाले बेटू शुक्ला को जेल भेजा था। इस बीच जूही पुलिस ने रंगदारी के मामले में शालू को जेल भेजा था, जेल में दोनों में दोस्ती हुई थी। जमानत पर जेल से छूटने के बाद दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना हो गया था। इस दौरान शालू की मुलाकात बेटू शुक्ला के बहनोई शिवम बांगड़ से हो गई। शेरू के अनुसार, शालू अक्सर बेटू के घर जाता था। वहां बेटू के दोस्त हर्षू की प्रेमिका से शालू का प्रेम-प्रसंग हो गया। वह अक्सर बेटू के घर जाता तो अपनी प्रेमिका के घर ही रुक जाता था। यह बात बेटू और हर्षू को खटकने लगी। उसकी प्रेमिका जब वीडियो बनकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करती थी तो शिवम की पत्नी गंदे कमेंट किया करती थी। इसका शालू विरोध करता था। शिवम की पत्नी जब वीडियो अपलोड करती तो उसकी प्रेमिका भी इस पर कमेंट करती थी। इसी वजह से शालू से शिवम रंजिश रखने लगा।
सीसीटीवी में कैद हुए कातिल
पुलिस ने बताया कि शालू हत्याकांड में अमित का हाथ है। वहीं, भाई शेरू के अनुसार उसके घर के बगल में स्थित मस्जिद के कैमरे में तीन आरोपी कैद हो गए थे। एक युवती भी घर से कुछ दूरी पर खड़ी दिख रही थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला की शिनाख्त की कोशिश कर रही है। भाई शेरू ने कहा कि बुधवार देर रात करीब पौने एक बजे शालू ने बहन नसीमा को फोन किया था और मारपीट करने की सूचना दी थी। उसने अपनी बहन से कहा था कि ये लोग हमें मार डालेंगे। इसके बाद से शालू का मोबाइल बंद हो गया था।
