कानपुर

Kanpur Ring Road: आठ लेन होगा कानपुर का 93 किमी रिंग रोड, गंगा-पाण्डु पुल से जाम की होगी छुट्टी

यूपी के कानपुर महानगर को रिंग रोड की सौगात मिली है। एनएचएआइ 93 किलोमीटर का लंबा रिंग रोड बनाकर गंगा पुल और पांडु नदी पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा।

Image

कुछ यूं दिखेगा कानपुर रिंग रोड

Photo : BCCL

कानपुर: महानगगर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मेट्रो-ओवरबिज की सौगात मिल चुकी है। अब शहर के अंदर भारी वाहन प्रवेश न कर सकें, इसके लिए बड़ा प्लान बनाया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHIA) अति महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से कानपुर रिंग रोड 93.2 किलोमीटर लंबा बनाने जा रहा है। यह रिंग रोड तीन जिलों से होकर गुजरेगी। रिंग रोड में गंगा पुल, पांडु नदी पुल, नहर पुल, रेलवे उपरगामी पुल और हाईवे से ऊपर से गुजरने वाला सड़क का हिस्सा एलीवेटेड होगा।

10 हजार करोड़ रुपये खर्च

शहर के बाहर से निकलने वाले इस रिंग रोड का 11 किमी का हिस्सा आठ लेन का बनाया जाएगा। वहीं, 82.2 किमी का हिस्सा छह लेन का होगा, जिसे भविष्य में आठ लेन तक करने का विकल्प भी शेष रखा जाएगा। एनएचएआइ इस 93.2 किमी लंबे रिंग रोड के निर्माण में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगा। निर्माण बेहतर ढंग कराया जाए इसके लिए इसको चार चरणों में बांटा गया है, जिसमें मंधना से सचेंडी चौथे चरण और सचेंडी से रमईपुर पहले चरण का ठेकेदार तय हो गया है। राज कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

19.25 किमी हिस्से के निर्माण कार्य शुरू

बहरहाल, निर्माण कंपनी ने भूमि समतलीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया है। दूसरे चरण में रमईपुर से उन्नाव के आटा तक 19.25 किमी हिस्से के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तराखंड के हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड को दी गई है, जो फरवरी तक कार्य शुरू कर देगी। तीसरे चरण आटा से मंधना तक 27.90 किमी हिस्से की टेंडर प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। कयास लगाए जा रहे हैं जल्द इसका टेंडर पास हो जाएगा।

एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान

वहीं, चकेरी एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग को रिंग रोड से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 1.40 किमी लंबी एलीवेटेड रोड बनाई जाएगी, ताकि शहर और आसपास के जिलों के लोग बिना रुकावट सीधे एयरपोर्ट पहुंच सकें। वहीं, मंधना से उन्नाव के आटा तक 65.075 किमी सड़क का टेंडर पूरा हो चुका है। ठेकेदार तय होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने के मशीनें, इंजीनियर और कारीगर साइड पर पहुंचने लगे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article