Kanpur Tank Burst: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हुआ। पनकी साइट 3 स्थित दाल मिल में टैंक फट गया। टैंक की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। आनन-फानन दोनों मजदूरों को हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां एक मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे का इलाज शुरू कर दिया। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि, मिल के मालिक ने मामले को दबाने की कोशिश की।
इसी दौरान पड़ोसी फैक्ट्री संचालक ने पुलिस को टैंक में ब्लास्ट होने की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे का शिकार हुआ मृतक हमीरपुर जिले का हैं।
बुधवार को ही दोनों मजदूरों ने शुरू किया था काम
जानकारी के अनुसार, पनकी इंडस्ट्रियल एरिया साइट- तीन में एक दाल मिल है। इस मिल का ठेकेदार बुधवार को हमीरपुर के लालपुर कांधा गांव के रहने वाले रिंकू यादव (24 ) और बलवीर को मजदूरी के लिए लाया था। दोनों मजदूरों ने बुधवार शाम से ही दाल मिल में काम करना शुरू किया था। बताया जा रहा है कि, गुरुवार को दोनों मजदूर स्टोर टैंक से माल निकालने का कार्य कर रहे थे। उसी समय अचानक तेज धमाके के साथ स्टोर टैंक फट गया। दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। टैंक फटने से अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबने से एक मजदूर ने मौके पर दम तोड़ा
टैंक के मलबे में दबने से रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी मजदूर बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। टैंक फटने के बाद फैक्ट्री मालिक मौके से फरार हो गया। सूचना पर मजदूरों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मौके पर ही जमकर हंगामा काटा। मालिक की तलाश के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है। एसीपी कल्याणपुर दिनेश शुक्ला के अनुसार, फैक्ट्री मालिक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
