Kanpur Murder: कानपुर में आउटर के गांव खड़ेश्वर में एक अधेड़ की हुई हत्या के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। कुबेर सिंह हत्याकांड को लेकर गठित टीम मृतक के घर पर रहने वाली एक बेवा महिला से पूछताछ के लिए बांदा रवाना हुई है। वहीं गांव के आसपास रहने वाले 6 लोगों से पूछताछ कर पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए हैं। गौरतलब है कि, कुबेर सिंह का शव गत रविवार को घर में बनीं दुकान में रखे डीप फ्रीजर में मिला था। घटना की जानकारी मृतक के गांव रनियां से आए भतीजे सुरेश को सबसे पहले लगी जब उसने चाचा का शव डीप फ्रिज में देखा।
पुलिस को आरंभिक जाचं में मृतक का गांव बांदा के रहने वाले पहलवान से लेनदेन के विवाद की जानकारी मिली है। वहीं पुलिस को जांच में ये जानकारी भी मिली है कि, मृतक के घर पर बांदा इलाके के गांव पैलनी की रहने वाली एक बेवा का आना-जाना भी था। अब पुलिस टीम महिला से पूछाताछ के लिए रवाना हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस बात का पता लगाया जा रहा है कि, मृतक कुबेर सिंह के घर पर किन- किन लोगों का आना-जाना था। पुलिस ने इसे लेकर मृतक के पड़ोसियों सहित कई लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। वहीं पुलिस पड़ताल में जानकारी उभर कर सामने आई है कि, मृतक के घर पर कई महिलाओं का आना - जाना था। पुलिस अब संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
