Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी पर मुकदमा दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया है कि पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई है। आने के लिए कहने पर वह रुपये की मांग करती है। रुपये नहीं देने पर वह वापस नहीं आ रही है। परेशान होकर उसने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित शख्स कोर्ट में पहुंचा। उसने कोर्ट में अपनी पीड़ा सुनाई। कोर्ट ने पत्नी के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कानपुर के विश्व बैंक बर्रा इलाके के एक गांव में रहने वाले युवक ने पत्नी पर प्यार के जाल में फंसा कर शादी करने और रुपये लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक ने पुलिस को जानकारी दी है कि पत्नी मायके में रह रही है और वापस आने के एवज में रुपयों की मांग कर रही है।
साल 2019 में कोर्ट मैरिज की, फिर गुजरात चले गए
रावतपुर गांव के रहने वाले निखिल यादव ने बताया कि साल 2018 में फेसबुक के जरिए रावतपुर गांव की रहने वाली आराधना दीक्षित से उसकी दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। 2019 में दोनों ने कोर्ट में पहुंचकर शादी कर ली। पीड़ित निखिल गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्य करता है। उसने बताया कि शादी के बाद वह पत्नी आराधना को गुजरात लेकर चला गया। गुजरात में उसने पत्नी को दो लाख रुपये और 50 हजार रुपये का एक मोबाइल दिया। इसके कुछ ही दिन बाद आराधना अपने मायके चली आई।
कोर्ट के आदेश पर पत्नी के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इसके बाद वह वापस नहीं गई। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने वापस आने के लिए कहा तो उसने ससुराल आने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पत्नी ने वापस आने के नाम सवा लाख रुपये फिर ले लिए। रुपये देने के बाद भी वह वापस नहीं गई। वापस बुलाने पर पत्नी ने फिर से रुपयों की मांग की। परेशान निखिल ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर बर्रा थाने में पीड़ित ने पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले जांच कर रही है।
