Kanpur Boating: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित मोतीझील में अब शिकारा बोट का भी आनंद लिया जा सकेगा। कश्मीर की शिकारा बोट का आनंद अब कानपुर के आम शहरी कारगिल पार्क मोतीझील में उठा सकेंगे। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को इसकी शुरुआत कर दी है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ही इस सेवा का लोकार्पण किया था। शुरुआत करने के बाद नगर आयुक्त ने हाईस्पीड बोट का लुत्फ भी उठाया। कारगिल पार्क में 10 पैडल, दो शिकारा और एक हाईस्पीड बोट रहेगी। इसमें संगीत का आनंद लेते हुए लोग शिकारा बोट का आनंद उठा सकेंगे। सर्दियों में बिल्कुल कश्मीर जैसी फीलिंग लोगों के रोमांच को और बढ़ाएगी। कानपुर की मोतीझील में कश्मीरी बोट भी लाई गई हैं।
उद्यान अधिकारी वीके सिंह के अनुसार, कारगिल पार्क मोतझील में इसकी शुरुआत कर दी गई है। कारगिल पार्क में शिकारा, हाईस्पीड और पैडल बोट का संचालन शुरू कर दिया गया है। इसका मजा लेने के लिए चार्ज चुकाना पड़ेगा। शिकारा बोट के लिए 100 रुपये, पैडल बोट के लिए 70 रुपये और हाईस्पीड बोट के लिए 160 रुपये देने पड़ेंगे।
