Fatehpur Accident: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मंगलवार देर शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक ट्रेलर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। जिसके बाद बेकाबू होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। इस हादसे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दबे लोगों को बाहर निकाला। जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
शादी की खरीदारी करने गया था परिवार
मृतकों की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पतारा गांव निवासी 43 वर्षीय रामनरेश चौहान और 40 वर्षीय पत्नी सोमवती के तौर पर हुई है। वहीं घायलों में उनका 24 वर्षीय बेटा धीरेंद्र सिंह और 6 रिश्तेदार व चालक शामिल हैं। 8 जून को धीरेंद्र सिंह की थरियांव जानी गांव में बारात जानी थी। जानकारी के अनुसार रामनरेश अपने बेटे की शादी के लिए पत्नी और रिश्तेदारों के साथ कपड़ों की खरीदारी कर घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान तारों के बंडल से लदे ट्रेलर ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी।
ट्रेलर चालक भी हादसे में घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक ने टक्कर लगने के बाद ब्रेक लगई। जिससे तारों के बंडल लहराने से ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और ई-रिक्शे पर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। इस हादसे में रामनरेश चौहान और की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों को तारों के बंडलों के नीचे से निकाला गया। इस हादसे में ट्रेलर चालक भी घायल हो गया। सभी घायलों का इलाज सीएचसी और जिला अस्पताल में चल रहा है।
