उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार (16 दिसंबर) को एक पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए लोगों को हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। एक महिला ने सब लोगों के सामने जीआरपी कांस्टेबल की पिटाई कर दी। इतना ही उसके कपड़े भी फाड़ डाले। इस दौरान महिला ने कांस्टेबल को गाली भी दी। उसकी जमकर पिटाई भी की। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि एक महिला एक कॉन्स्टेबल को पार्क में पीट रही है। महिला कांस्टेबल को लगातार थप्पड़ मारती नजर आ रही है। यह सब देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। पिटाई करती हुई महिला कह रही थी कि वह उसकी पत्नी है। इसके बावजूद अभी भी उसके कई और महिलाओं से संबंध हैं। दिलचस्प यह है कि कांस्टेबल बार-बार कहता रहा कि वह उसकी पत्नी नहीं है फिर भी वह उसे पीट रही है।
थाने के एसएसआई जावेद आलम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सिपाही का नाम दुर्गेश सोनकर है और जो महिला उसे पीटती नजर आ रही है वह उसकी दूसरी पत्नी है। उसकी शिकायत पर इस कांस्टेबल को दो महीने पहले बर्खास्त कर दिया गया था क्योंकि उसकी पहले से ही एक पत्नी थी। लेकिन इसके बाद भी उन्होंने दूसरी महिला से शादी कर ली थी।
महिला ने कांस्टेबल पर अन्य महिलाओं से संबंध होने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि उसने इस वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
