कानपुर

Kanpur: खेल-खेल में बच्चे ने दोस्त को मारा थ्रेड कटर, किशोर की मौत

कानपुर के चकेरी क्षेत्र की पटेल नगर बस्ती में खेलते समय एक 11 वर्षीय बच्चे ने 15 वर्षीय दोस्त के सीने में थ्रेड कटर मार दिया। पहली नजर में यह गलती से हुआ हादसा लग रहा है। मृतक किशोर जूता फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस जांच में जुटी है।

Image

मजाक-मजाक में गई जान (सांकेतिक तस्वीर | iStock)

Photo : iStock

Kanpur News: शहर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर की कच्ची बस्ती से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेल-खेल में एक 11 वर्षीय बच्चे ने अपने 15 वर्षीय दोस्त के सीने में थ्रेड कटर मार दिया। मृतक किशोर पास की एक जूते की फैक्ट्री में काम करता था।

जानकारी के अनुसार, घटना फैक्ट्री परिसर में उस वक्त हुई जब मृतक अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक दोस्त ने मजाक में थ्रेड कटर के सीने की बाईं ओर मार दिया, जिससे दिल में गंभीर चोट आई और उसकी हालत बिगड़ गई। घायल किशोर को आनन-फानन में परिजन काशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि मृतक काफी मेहनती था और महज 50 मीटर दूर स्थित फैक्ट्री में काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला खेल के दौरान हुई एक गलती का लग रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी। परिजनों ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी है और इसे एक दुर्घटना मान रहे हैं।

दूसरी ओर यह घटना न केवल बाल मजदूरी पर, बल्कि फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article