Kanpur: बड़ी मिन्नतों के बाद बनी सड़क, लोग खुश और 24 घंटे में हर तरफ गड्ढे ही गड्ढे
- Curated by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 30, 2026, 01:19 PM IST
कानपुर के घाटमपुर तहसील के झंडापुर गांव में बनी नई सड़क की हकीकत ने निर्माण कार्य की पोल खोल दी है। महज 24 घंटे में तैयार हुई 400 मीटर लंबी सड़क अगले ही दिन उखड़ने लगी और जगह-जगह धंसाव दिखाई देने लगा। ग्रामीणों ने घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
24 घंटे में खुली सड़क निर्माण की पोल! (सांकेतिक फोटो)
Kanpur Road News: गर्मागर्म मिठाई के हाथ लगते ही टूट जाने की तरह कानपुर में एक नई सड़क की पोल खुल गई है। घाटमपुर तहसील के झंडापुर गांव में करीब 400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण गुणवत्ता मानकों को नजरअंदाज कर किया गया, जिसका नतीजा यह हुआ कि सड़क बनते ही उखड़ने लगी। हैरानी की बात यह है कि यह सड़क 24 घंटे में बनी और अगले 24 घंटे में ही बिखर गई। ग्रामीणों का कहना है कि साइकिल का ब्रेक लगाने भर से सड़क की गिट्टियां निकलकर फैल गईं।
पैरों से रगड़ते ही जगह-जगह गड्ढे बन गए और कई हिस्सों में सड़क धंस गई। लोगों ने मौके पर विरोध भी किया, लेकिन ठेकेदार ने काम पूरा बताकर मशीनें समेटीं और वहां से चला गया। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार ठेकेदार पीयूष कुशवाहा ने देर रात निर्माण कार्य शुरू कराया और एक दिन के भीतर सड़क तैयार कर दी। हालांकि निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसकी वजह से सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। अब गांव के अभय, सौरभ, गोविंद, सुमित, सुनील, पुनीत, मनीष और रविंद्र ने सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाते हुए सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर भी अपनी शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने खोली निर्माण की पोल
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के समय न तो जमीन की ठीक से भराई की गई और न ही रोड रोलर का इस्तेमाल किया गया। इसी लापरवाही के चलते सड़क के किनारे बैठ गए और कई जगह धंसाव दिखाई देने लगा। गांव वालों का आरोप है कि निर्माण में बेहद घटिया सामग्री लगाई गई, जिसकी वजह से साइकिल सवार के ब्रेक लगाते ही सड़क उखड़ने लगती है। ग्रामीणों के अनुसार, खराब निर्माण को लेकर उन्होंने उसी समय आपत्ति जताई थी, लेकिन ठेकेदार ने किसी की बात नहीं मानी।
जिलाधिकारी को लिखा गया पत्र
रात के अंधेरे में तेजी से काम पूरा कराया गया और मशीनें हटाकर ठेकेदार मौके से चला गया। बाद में जब सड़क की असल स्थिति सामने आई तो ग्रामीणों ने अधिकारियों को फोन कर इसकी शिकायत की और सीएम पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया। वहीं, पतारी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य राजनारायण कुरील ने पहले ही इस मामले को उठाया था। उन्होंने कुछ दिन पहले कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को पत्र लिखकर 400 मीटर सड़क निर्माण में घोटाले का आरोप लगाया था। पत्र में ठेकेदार पीयूष कुशवाहा द्वारा कराए गए कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और माप-जोख में गड़बड़ी किए जाने की बात कही गई थी।
सही कार्रवाई का भरोसा
जिलाधिकारी ने इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। वहीं जिला पंचायत सदस्य का दावा है कि संबंधित ठेकेदार की फर्म ने जिला पंचायत क्षेत्र में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड, डामर सड़क और खड़ंजा मार्गों का निर्माण कराया है। उनका आरोप है कि इन सभी कार्यों में भी इसी तरह की अनियमितताएं होने की संभावना है। इसी कारण उन्होंने सभी निर्माण कार्यों की हाई लेवल जांच कराए जाने की मांग की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने साधी चुप्पी
सड़क घोटाले और निर्माण में हुई गड़बड़ियों को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने चुप्पी साध रखी है। जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने मीटिंग में व्यस्त होने का हवाला देकर फोन काट दिया। झंडापुर गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का साफ कहना है कि सड़क सिर्फ कागजों में पक्की है, हकीकत में नहीं। उनकी मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।