शहर

कानपुर में होजरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, इलाके में वारदात से मचा हड़कंप

Kanpur Murder Case: कानपुर के शिवाला इलाके में एक होजरी कारोबारी विजय चौरसिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश उन्हें बहाने से एक मकान में ले गए और कनपटी पर गोली मार दी।

Image

विजय चौरसिया की हत्या से इलाके में दहशत

Photo : iStock

Kanpur Murder Case: कानपुर में देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक होजरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शिवाला इलाके (shivala shooting incident) की है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय विजय चौरसिया के रूप में हुई है, जो फीलखाना थाना क्षेत्र के सिरकी मोहाल के रहने वाले थे। वे शिवाला इलाके में होजरी की दुकान चलाते थे और कारोबार के सिलसिले में अक्सर वहां आते-जाते रहते थे।

बदमाशों ने सीढ़ियों के पास मारी गोली

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक विजय चौरसिया को किसी बहाने से शिवाला स्थित सवाई सिंह के हाते इलाके में रामचंद्र गुप्ता के मकान में ले गए। जैसे ही वे मकान के अंदर पहुंचे, बदमाशों ने सीढ़ियों के पास उनकी कनपटी पर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। आवाज सुनकर मकान में रहने वाले अन्य किरायेदार तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने विजय चौरसिया को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

टीम और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, स्थानीय पुलिस टीम और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!