शहर

प्रचंड ठंड में होगी आफत की बरसात, 48 घंटे में आएगा आंधी-तूफान; IMD का भीषण कोहरे का अलर्ट

Kal Ka Mausam Kaisa Rahega 25 नवंबर 2025 : मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिणी राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। खासकर, तमिलनाडु, अंडमान में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। इसका कुछ असर पूर्वोत्तर के राज्यों में दिखाई देगा। उत्तर भारत में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह घना कोहरा छाएगा और सर्दी का असर काफी तेज होगा। पहाड़ों पर यानी कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर के साथ बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausam Kaisa Rahega 25 नवंबर 2025 : देशभर के विभिन्न राज्यों मौसम काफी सर्द होता जा रहा है। खासकर, उत्तर भारत में शीतलहर की आहट मिल रही है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अब बर्फबारी के आसार जताए हैं। फिलहाल, कई इलाकों में तापमान माइनस में पहुंच गया है और पहाड़ियों में कोहरा तैर रहा है। इधर, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में सुबह घना कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लेकिन, दक्षिण भारत में बेमौसम बारिश की मार पड़ रही है। स्काईमेट के मुताबिक 24 और 25 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, रायलसीमा और दक्षिण कर्नाटक में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और असम में छिटपुट हल्की बारिश का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम सामान्य है।

आईएमडी के 7 दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि दिल्ली-एनसीआर में अगले एक सप्ताह तक कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह बूंदाबांदी हो सकती है। फिलहल एनसीआर वायु प्रदूषण गंभीर है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई 396 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। हालांकि, एनसीआर में एक्यूआई 450 के स्तर को पार कर गया है। आनंद विहार, बवाना, बुराड़ी क्रॉसिंग, मंदिर मार्ग, वजीरपुर और विवेक विहार जैसे इलाकों में एक्यूआई 'गंभीर' से 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया है। लोनी का एक्यूआई 451, इंदिरापुरम 438, संजय नगर 411 और वसुंधरा (429) में प्रदूषण से हाल बेहाल है।

राजस्थान का मौसम कल

आईएमडी ने राजस्थान में न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना जताई है। मौजूदा समय में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। 27-28 नवंबर को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। ऐसी ही मौसम मध्य प्रदेश के तमाम जिलों में बना हुआ है।

यूपी-बिहार का मौसम

यूपी में मौसम का मिजाज ठंडा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिन में पछुआ हवाओं के चलने से न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सर्दी के ग्राफ में बढ़ोतरी है। हालांकि, प्रदेश में दिन में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। कमोबेश ऐसा ही मौसम बिहार के विभिन्न जिलों में बना हुआ पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के कारण कुछ असर बिहार पर भी पड़ेगा।

कश्मीर में बर्फबारी

कश्मीर भीषण शीतलहर की चपेट में है और घाटी में न्यूनतम तापमान माइनस यानी बर्फ जमने की स्थिति में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात थी। दक्षिण कश्मीर में शोपियां घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पुलवामा और अनंतनाग व पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी को लद्दाख से जोड़ने वाले जोजिला दर्रे में न्यूनतम तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इधर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी शीतलहर चलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस सप्ताह के अंत तक बर्फबारी के कुछ संकेत मिल रहे हैं।

तमिलनाडु-केरल का मौसम

बंगाल की खाड़ी पर एक निम्न दाब प्रणाली के तमिलनाडु के कई जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। आईएमडी) ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश और ‘येलो’ अलर्ट का अर्थ है छह सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी वर्षा। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, तेनकासी, थूथुकुडी, रामनाथपुरम, कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मायिलाडुतुरै, तंजावुर, तिरुवरूर और आस-पास के क्षेत्रों जैसे दक्षिणी और तटीय जिले अलर्ट पर हैं। केरल के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को व्यापक बारिश हुई और राज्य भर में पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय रहा। इसी प्रकार कुछ अन्य राज्यों में भी मौसम रहेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!