देश

Delimitation Bill: सरकार का लोकसभा में 371 सांसदों के समर्थन का दावा, जरूरी आंकड़े से 8 से 11 सांसद ज्यादा

Delimitation Bill 2026: संसद में परिसीमन बिल को लेकर एनडीए और सहयोगी दलों को मिलाकर सरकार के पक्ष में 371 सांसदों का समर्थन होने का अनुमान है। सरकार ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का भरोसा जताया है।

Image

मोदी कैबिनेट (फोटो साभार- PTI)

Delimitation Bill 2026: संसद में परिसीमन बिल को लेकर जारी सियासी खींचतान के बीच सरकार ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का भरोसा जताया है। सरकार के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, एनडीए और सहयोगी दलों को मिलाकर सरकार के पक्ष में 371 सांसदों का समर्थन होने का अनुमान है। सूत्रों का दावा है कि यह संख्या दो-तिहाई बहुमत के जरूरी आंकड़े से 8 से 11 या उससे अधिक सांसद ज्यादा है।

सरकारी सूत्रों ने परिसीमन आयोग की संरचना और पूरी प्रक्रिया को लेकर भी अहम जानकारियां साझा की हैं। सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन आयोग का गठन संबंधित कानून की धारा 3 के तहत किया जाएगा। आयोग में एक चेयरमैन और 12 सदस्य होंगे। आयोग के चेयरमैन सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश होंगे। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त या चुनाव आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयुक्त, पांच सांसद और पांच विधायक आयोग के सदस्य होंगे

राहुल गांधी के आरोपों को सरकार ने किया खारिज

परिसीमन आयोग की निष्पक्षता और उसकी संरचना को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवालों पर सरकारी सूत्रों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सूत्रों ने आयोग को लेकर राहुल गांधी के दावों को ‘सरासर झूठ’ बताया है। सरकार का कहना है कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी और इसमें सार्वजनिक सुनवाई की अहम भूमिका रहेगी। आयोग में मतदान की स्थिति बहुत कम आती है। अंतिम रिपोर्ट संसद के पटल पर रखी जाएगी।

हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश के लिए होगी अलग प्रक्रिया

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, देश के प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश के लिए परिसीमन की अलग प्रक्रिया अपनाई जाएगी। परिसीमन का काम लोकसभा और विधानसभा दोनों के लिए एक साथ किया जाएगा। हालांकि, इस पूरी कवायद में करीब 2 से 2.5 साल का समय लग सकता है। इसकी वजह अलग-अलग राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियां, प्रशासनिक जटिलताएं और परिसीमन की व्यापक प्रक्रिया है। सूत्रों के मुताबिक, असम, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भौगोलिक परिस्थितियां परिसीमन के दौरान चुनौती पेश कर सकती हैं। असम में पिछला परिसीमन करीब 47 साल बाद हुआ था। इस दौरान NRC और घुसपैठ जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे थे।

SC-ST आरक्षित सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान

परिसीमन की कवायद में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि विधेयक की धारा 3(4) में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के क्षेत्रों के परिसीमन से जुड़ा प्रावधान भी शामिल है। वहीं, राज्यसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रहेगा। यानी परिसीमन की प्रक्रिया से राज्यसभा में राज्यों की हिस्सेदारी के अनुपात में बदलाव नहीं होगा।

परिसीमन आयोग के फैसले को अदालत में नहीं दी जा सकेगी चुनौती

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन आयोग के फैसलों को संसद में चुनौती दी जा सकती है, लेकिन अदालतों में उन्हें चुनौती देने का प्रावधान नहीं होगा। आयोग की अंतिम रिपोर्ट संसद में पेश की जाएगी। कुल मिलाकर, सरकार परिसीमन की प्रक्रिया को लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण की व्यापक कवायद के तौर पर पेश कर रही है। वहीं, इस मुद्दे पर विपक्ष की आपत्तियों और राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़े सवालों के बीच संसद में विधेयक को लेकर राजनीतिक बहस आगे बढ़ने के आसार हैं।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article