कल का मौसम
कल का मौसम कैसा रहेगा 19 नवंबर 2025 : मौसम के लिहाज से अगले कुछ दिन काफी भारी रहने वाले हैं। खासकर, उत्तर भारत में घना कोहरा और सर्दी सिरदर्द बनेगी तो दक्षिण भारत में भारी बारिश से तबाही नजर आ रही है। स्काईमेट के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव की प्रणाली के कारण आंधी तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक और लक्ष्यद्वीप के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान, गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्द का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर से कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावनाएं बन रही है, जिससे शीतलहर के चलने और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस की ओर बढ़ेगा। वहीं, बुधवार को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई उत्तरी और मध्य के राज्यों में भीषण कोहरा छाने, सर्द हवाएं चलने के साथ पारा गिरने का अनुमान है, जिससे अब सर्दी का सितम और बढ़ेगा।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| मुंबई | 21°C | 29°C |
| दिल्ली | 10°C | 25°C |
| चंडीगढ़ | 11°C | 24°C |
| जयपुर | 11°C | 25°C |
| भोपाल | 11°C | 24°C |
| लखनऊ | 13°C | 26°C |
| पटना | 15°C | 25°C |
| कोलकाता | 17°C | 27°C |
| देहरादून | 10°C | 20°C |
| शिमला | 7°C | 17°C |
| कश्मीर | 6°C | 16°C |
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज ठीक है। कई दिनों से तापमान सामान्य है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सीपीसीबी के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक 344 तक पहुंच गया है। दिल्ली में 37 निगरानी स्टेशनों में से बवाना 426, वजीरपुर 412, जहांगीरपुरी 418 और विवेक विहार 402 'गंभीर' श्रेणी में एक्यूआई पहुंच गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक एयर क्वालिटी 'बेहद खराब' श्रेणी में रहने की आशंका है। इसी प्रकार का मौसम हरिणाणा और पंजाब में भी दर्ज किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में सिहरन वाली सर्दी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर को लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, बाराबंकी, इटावा, अयोध्या, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बुलंदशहर समेत कई पड़ोसी जिलों में शीतलहर का प्रकोप दिखाई दे रहा है। उत्तरी हवाओं के चलने से आने वाले दिनों में ठंड फिर से बढ़ेगी। कई जिलों में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान गिर गया है। कानपुर और इटावा में फिर तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कमोबेश ऐसा ही मौसम बिहार में दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी की मानें तो कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 20 नवंबर तक तापमान में और कमी आएगी एवं कोहरे का ग्राफ बढ़ेगा।
राजस्थान में सर्दी के अपना रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। बीती रात राज्य के अधिकतर भागों में न्यूनतम तापमान 05.0 से 13.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा जो सामान्य से लगभग 3-4 डिग्री सेल्सियस कम है। फतेहपुर (सीकर) में 05.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, इस सप्ताह के में न्यूनतम तापमान और गिरेगा, जिससे भयानक कोहरा और सर्दी का ग्राफ डाउन होगा।
पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 16 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम ने करवट ली थी। अब मौसम विभाग ने श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम कश्मीर घाटी में बर्फबारी की संभावना जताई है। लद्दाख पर्वतमाला और पांगी पर्वतमाला में स्नोफाल देखने को मिलेगा। आईएमडी के मुताबिक, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -1.8 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड और बनिहाल भी कड़ाके की ठंड है। अब न्यूनतम तापमान में 1°-2°C तक की और गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। कई जगहों पर माइनस डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया है। वहीं, उत्तराखंड में धूप खिली है, लेकिन सिहरन वाली सर्दी महसूस हो रही है। अगले 2 से 4 दिन में कोहरा और ठंडी तेजी से बढ़ेगी।
तमिलनाडु के 8 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव की प्रणाली के मजबूत होने से मौसम का मिजाज प्रभावित बदल गया है। आईएमडी की ओर से कन्याकुमारी, रामनाथपुरम, शिवगंगा, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, विरुधुनगर, तेनकासी और थेनी में भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है। आईएमडी ने 22 नवंबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक दूसरा निम्न दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान लगाया है। इसके बनने के बाद, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 48 घंटों के भीतर तीव्र होने की उम्मीद है, जिससे आने वाले दिनों में तमिलनाडु में बारिश बढ़ सकती है। मन्नार की खाड़ी और कुमारी सागर को समुद्री चेतावनी जारी कर दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। तटीय इलाकों में 55 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 21-22 नवंबर को ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उत्तरी तेलंगाना क्षेत्र के कुछ हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने की संभावना है। पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार को सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 4 दिन मौसम खराब रहेगा। पुडुचेरी में निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं।
महाराष्ट्र के अधिकांश भागों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। मालेगांव, नासिक, शोलापुर, ज्यूर समेत राज्य भर में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। स्काईमेट के मुताबिक, रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। वहीं, मुंबई अन्य के मुकाबले गर्म है फिर भी न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जलगांव और जेउर में तापमान सामान्य से लगभग 7°-8° सेल्सियस कम, 7°C तक गिर गया है, जिससे इस क्षेत्र में शीत लहर की स्थिति और कुछ इलाकों में गंभीर स्थिति भी पैदा हो गई है। पुणे 9.4°C , नासिक 9.2°C , शोलापुर 7, अहिल्या नगर 8.4°C , बारामती 8.9°C , जलगांव 7.1, मालेगांव 9.6°C, गोंदिया 9.6°C, यवतमाल 9.6°C में न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों से सर्दी का सितम कम होने की संभावना है। इधर, मध्य प्रदेश में भी भारी सर्दी की आहट मिल रही है। आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरा छाया नजर आएगा।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CBCP) के आंकड़ों के मुबाकि, शहर की वायु क्वालिटी 440 के आसपास पहुंचने वाली है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated