शहर

Kal Ka Mausam: बारिश, तूफान और लू का होगा ट्रिपल इम्पैक्ट! कई राज्यों में मौसम के विकराल रूप का अलर्ट, जानें क्या है IMD का पूर्वानुमान

Kal Ka Mausam 9 June 2026 , कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam Kaisa Rahega: एक तरफ मानसून तेजी से अपने कदम बढ़ा रहा है, तो दूसरी तरफ देश के कई हिस्सों में मौसम ने चुनौतीपूर्ण रूप ले लिया है। कहीं मूसलाधार बारिश की चेतावनी है, कहीं आंधी-तूफान का खतरा बना हुआ है और कई क्षेत्रों में लू का प्रकोप जारी है। ऐसे में आइए जानें कल और आने वाले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?

Image

कल का मौसम 9 जून 2026

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

कल का मौसम (Kal Ka Mausam): देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है तो दूसरी ओर कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और लू का असर देखने को मिल सकता है। वेदर सिस्टम की बात करें तो उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इसके साथ ही निचले क्षोभमंडल स्तर पर गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल से होते हुए पूर्वी बिहार से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक गर्त बना हुआ है। मध्य क्षोभमंडल स्तर पर दक्षिणी कोंकण तट के पास पूर्वी मध्य अरब सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं 11 जून से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के आने की संभावना है।

क्या है IMD का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 3 से 4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और क्षेत्रों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश के अतिरिक्त भागों, तमिलनाडु के शेष क्षेत्रों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। साथ ही छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत के शेष राज्यों तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ भागों में भी मानसून के विस्तार की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून पर क्या है अपडेट

दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) 7 जून को आगे बढ़ते हुए पश्चिम-मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ अन्य क्षेत्रों तथा नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम के पूरे क्षेत्र को कवर कर लिया है। इसके अलावा त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ और हिस्सों में भी मानसून की प्रगति दर्ज की गई है। 7 जून 2026 तक मानसून की उत्तरी सीमा 17.5°N/60°E, 17.5°N/65°E, 17°N/70°E, देवगढ़, कोप्पल, अनंतपुरम, चेन्नई, 15.5°N/85°E, 22°N/90.0°E, कैलाशहर, लामडिंग, नॉर्थ लखीमपुर और 29°N/95°E से होकर गुजर रही है।

दिल्ली में कल का मौसम

9 जून 2026 को दिल्ली में मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। दिन के दौरान सतही हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ समय के लिए झोंकों की गति 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। वहीं कई इलाकों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा सकता है, जबकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहने का अनुमान है। हवा की दिशा खासतौर से उत्तर-पश्चिमी रहेगी। सुबह के समय हवाओं की गति लगभग 25 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दोपहर में यह घटकर करीब 20 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है और हवा पश्चिमी दिशा से चलेगी। शाम और रात के दौरान हवाओं की रफ्तार और कम होकर लगभग 15 किमी प्रति घंटा रह सकती है तथा दिशा फिर उत्तर-पश्चिमी हो जाएगी।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

कल उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत दिख रहे हैं। IMD का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों के दौरान 60 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 से 11 जून तक गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म और शुष्क मौसम रहने की संभावना है।

बिहार में अगले पांच दिनों का मौसम

कल से लेकर अगले पांच दिनों के दौरान बिहार में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। 9 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा, झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा तक) के साथ बारिश हो सकती है। 10 से 12 जून के बीच कई जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं, जबकि 10 से 12 जून के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस अवधि में तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा तथा 10 से 12 जून के बीच कुछ इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं 70 किमी प्रति घंटा तक के झोंके ला सकती हैं। 13 और 14 जून को भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी, हालांकि हवाओं की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रह सकती है। लोगों को खराब मौसम, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम का हाल

राजस्थान में कल मौसम दो अलग-अलग रूपों में देखने को मिल सकता है। पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और लू का असर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में 9 से 11 जून के बीच लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में कल के दौरान गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान ऊंचे बने रहेंगे और लोगों को तेज धूप व गर्म हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कल केरल के इन जिलों में रहेगा ऑरेंज अलर्ट

केरल में सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहा और राज्य भर में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी हैं। IMD ने कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो अलग-अलग हिस्सों में 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक की अत्यधिक भारी बारिश की आशंका होने पर जारी किया जाता है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और वायनाड जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस अलर्ट के अनुसार इन क्षेत्रों में छह सेंमी से 11 सेंमी तक भारी बारिश होने की संभावना है। कल के लिए आईएमडी ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है वही पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, कर्नाटक तट और उससे सटे आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में व्याप्त निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव के तमिलनाडु के कई जिलों में सोमवार को कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में दिन के दौरान एक या दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पश्चिमी और दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में विशेष रूप से भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। नीलगिरि, तिरुप्पुर, दिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी, इरोड और सलेम जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कोयंबटूर, तेनकासी और तिरुनेलवेली जिलों के पहाड़ी क्षेत्रों में भी इसी तरह के मौसम की आशंका है।

आंध्र प्रदेश में गरज चमक के साथ बारिश के आसार

आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कई मंडलों में लू का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के अनुसार, कर्नाटक क्षेत्र से तटीय आंध्र तट तक फैली कम दबाव की रेखा (ट्रफ) के कारण सोमवार से दो दिनों तक अल्लूरी सीताराम राजू, पोलावरम, कुरनूल, नंद्याल, अनंतपुर, श्री सत्य साई और वाईएसआर कडपा जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, "राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और लगातार भीषण गर्मी का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में बारिश की उम्मीद है, वहीं अन्य स्थानों पर उच्च तापमान बना रहेगा।’"

पहाड़ी राज्यों में बारिश होगी या नहीं?

भाई जो लोग पहाड़ी राज्यों के लिए मौसम विभाग का खास अलर्ट है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 14 जून के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम और अधिक प्रभावी रहने की संभावना है, जिसके चलते गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। 11-12 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। 13 और 14 जून को हिमाचल प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 11 और 12 जून को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। तापमान के लिहाज से पहाड़ी क्षेत्रों में 9 और 10 जून के दौरान कुछ स्थानों पर गर्म मौसम और लू जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं, खासतौर से हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के निचले इलाकों में। हालांकि 11 जून के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

कल कहां-कहां रहेगा भारी बारिश का अलर्ट?

9 जून 2026 को देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है। विशेष रूप से कर्नाटक और केरल के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बहुत भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि तटीय कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल-माहे और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

रीचार्ज का पैसा दिया, 5G नेटवर्क का इंतजार किया...फिर ऐसा भड़का गुस्सा कि टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया!, फतेहपुर में चौंकाने वाला मामला

रीचार्ज का पैसा दिया, 5G नेटवर्क का इंतजार किया...फिर ऐसा भड़का गुस्सा कि टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया!, फतेहपुर में चौंकाने वाला मामला

'मैं लज्जित हूं...', पूर्व OSD पर ED कार्रवाई के बाद भावुक हुए हरीश रावत, कांग्रेस के सभी पदों से की इस्तीफे की पेशकश

'मैं लज्जित हूं...', पूर्व OSD पर ED कार्रवाई के बाद भावुक हुए हरीश रावत, कांग्रेस के सभी पदों से की इस्तीफे की पेशकश

BRICS Summit के बीच दिल्ली में बदला ट्रैफिक का पूरा प्लान, कई सड़कों पर रहेगी पाबंदी; यात्रियों को सलाह- मेट्रो का करें इस्तेमाल

BRICS Summit के बीच दिल्ली में बदला ट्रैफिक का पूरा प्लान, कई सड़कों पर रहेगी पाबंदी; यात्रियों को सलाह- मेट्रो का करें इस्तेमाल

Etawah News: मासूम से दरिंदगी के बाद दो दिन तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी, फिर मुठभेड़ हुआ घायल; तमंचा-कारतूस बरामद

Etawah News: मासूम से दरिंदगी के बाद दो दिन तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी, फिर मुठभेड़ हुआ घायल; तमंचा-कारतूस बरामद

Aaj Ka Mausam: मानसून फिर दिखाएगा अपना असर, दिल्ली से यूपी-बिहार और राजस्थान तक बदलेगा मौसम का मिजाज; कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट

Aaj Ka Mausam: मानसून फिर दिखाएगा अपना असर, दिल्ली से यूपी-बिहार और राजस्थान तक बदलेगा मौसम का मिजाज; कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट