Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): सावन बीतने के बाद भादों में भी देश के अधिकांश भागों में बारिश, वज्रपात, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक त्राहि-त्राहि मच रखी है। मौसम विभाग हर अलर्ट पत्थर की लकीर साबित हो रहा है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, बिहार जैसे राज्य इन दिनों इंद्र देव के प्रकोप को झेल रहे हैं। लेकिन बात यह है कि कल रविवार का मौसम कैसा रहेगा? पिछले 24 घंटों में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और कोंकण एवं गोवा में कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हुई है।
वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, ओडिशा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा–पंजाब–दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और तटीय आंध्र प्रदेश एवं यनम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण राजस्थान के मध्य भागों में एक अच्छी तरह से विकसित निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है, जो 7 सितंबर की सुबह तक दक्षिण राजस्थान और उससे सटे उत्तरी गुजरात में अवसाद (डिप्रेशन) में बदल सकता है। इसके प्रभाव से गुजरात और राजस्थान में कल यानी 7 सितंबर को भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। विशेष रूप से, गुजरात के कुछ क्षेत्रों में कल 7 सितंबर को तथा सौराष्ट्र और कच्छ में भी अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा, गुजरात के कुछ हिस्सों में असामान्य रूप से भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिम राजस्थान में 7 सितंबर, रविवार को, जबकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। आइए जानते हैं कि देश के अन्य भागों में कल का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली में कल रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। कल अधिकतम तापमान 33°C से 35°C के बीच और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2°C कम रहेगा जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा। प्रातःकाल में हवाएं दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15-20 किमी/घंटा की गति से चलेंगी, दोपहर में हवा की गति घटकर 15 किमी/घंटा से कम हो जाएगी और शाम व रात में हवाएं दक्षिण-पश्चिम दिशा से 12 किमी/घंटा से कम की गति से चलेंगी।
यूपी में कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 7 सितंबर को यूपी के अधिकांश जिलों में बारिश से राहत रहेगी लेकिन दिल्ली से सटे जिले जैसे गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद और बागपत में भारी बारिश की संभावना है। 8 और 9 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, 10 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में बारिश होगी और 11 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का अलर्ट है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
बीते दिनों की बरसात से बिहार में जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। IMD पटना के मुताबिक, बिहार को कल भारी बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन कुछ जिलों में वज्रपात और बिजली गिरने की चेतावनी जारी है। 9 सितंबर को पूरे राज्य में आंधी-बिजली और भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा, 10 सितंबर से दक्षिण बिहार में भारी बारिश की संभावना है और 11 से 13 सितंबर तक अलग-अलग जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कल यानी 7 सितंबर का मौसम अलग-अलग रहेगा। उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बारिश से राहत रहेगी, लेकिन नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश की चेतावनी जारी है। लोगों को इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश से राहत रहने की संभावना है। गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले दिनों बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं में 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
पूर्वोत्तर भारत में कल का मौसम
पूर्वोत्तर भारत के मौसम की बात करें तो, असम और मेघालय में 7 से 8 और 11 से 12 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, नागालैंड, मखनपुर, समजोरम और बत्रपुरा में 7 से 8 सितंबर तक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश में 7 सितंबर, रविवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आने वाले सात दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है।
इन क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम उपविभागों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आस-पास के क्षेत्रों में मध्यम से उच्च फ्लैश फ्लड जोखिम की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में बांसवाडा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सिरोही और उदयपुर जिले शामिल हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान में जालौर जिला प्रभावित होने की संभावना है। गुजरात क्षेत्र में अहमदाबाद, आनंद, अरावली, भरूच, बनासकांठा, दादर और नगर हवेली, दमन, गांधीनगर, खेड़ा, महिसागर, मेहसाना, नर्मदा, नवसारी, पंचमहल, पाटन, साबरकांठा, सूरत, तापी, वडोदरा और वलसाड जिले शामिल हैं। सौराष्ट्र और कच्छ में कच्छ, बोटाद, भावनगर, मोरबी, जामनगर, राजकोट और सुरेंद्रनगर जिले प्रभावित होने की संभावना है।
