शहर

Kal Ka Mausam: मानसून दिखाएगा नई चाल; उत्तर से पूर्वोत्तर भारत तक बढ़ेगा बारिश का दायरा, कहीं तेज हवाएं तो कहीं बिजली गिरने का खतरा

Kal Ka Mausam 4 August 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा: मानसून के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है और बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है, जबकि मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिण भारत में भी तमिलनाडु के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश के आसार जताए गए हैं।

Image

कल का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kal Ka Mausam 4 August 2026: देशभर में मानसून की सक्रियता के चलते कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने वाला है। दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य भारत तक मौसम करवट लेगा, वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। दक्षिण भारत में भी तमिलनाडु समेत कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बात अगर वेदर सिस्टम की करें तो समुद्र तल पर मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर, जबकि पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति से उत्तर दिशा में स्थित है। इसके अलावा निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में भी निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) सक्रिय है। वहीं, जम्मू संभाग और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडलीय स्तर पर पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में निचले से मध्य क्षोभमंडलीय स्तर तक एक अन्य ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में कल दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक अधिकांश इलाकों में एक-दो दौर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने के आसार हैं। शाम और रात के समय भी कई क्षेत्रों में हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम, जबकि कई स्थानों पर अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम रहने की संभावना है। हवाओं की बात करें तो सुबह पश्चिम दिशा से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवा की गति बढ़कर दक्षिण-पश्चिम दिशा से 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, शाम और रात के दौरान हवाओं की रफ्तार घटकर दक्षिण दिशा से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

यूपी में अगले पांच दिनों का मौसम

उत्तर प्रदेश में 4 अगस्त से अगले पांच दिनों के दौरान मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 8 अगस्त तक कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने की संभावना है। 4 से 6 अगस्त के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जबकि 4 से 7 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 4 अगस्त के बाद भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहने की संभावना है।

बिहार में कल का मौसम कैसा रहेगा?

4 अगस्त को बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 4 अगस्त को बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। 3 से 5 अगस्त के दौरान राज्य में कई जगहों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा 4 अगस्त को बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

राजस्थान में कल के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 4 अगस्त को बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं और यहां भारी बारिश का दौर मुख्य रूप से 6 से 9 अगस्त के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में भी 4 अगस्त को छिटपुट बारिश के आसार हैं, जबकि 7 से 9 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान में अगले कुछ दिनों के दौरान मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ सकती हैं, इसलिए स्थानीय स्तर पर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना

4 अगस्त के बाद मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 से 9 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 से 9 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। विदर्भ में 7 और 8 अगस्त को बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में 4 से 9 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने के आसार हैं। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 8 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भी 4 से 9 अगस्त के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

पूर्वी भारत में की बात करें तो अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 9 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड में 4 से 7 अगस्त, बिहार में 4 और 5 अगस्त, जबकि ओडिशा में 5 से 9 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अंडमान-निकोबार में 4 से 7 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 तथा 6 अगस्त को भारी बारिश के आसार हैं, जबकि गंगीय पश्चिम बंगाल में 5 से 7 अगस्त, झारखंड में 4 से 7 अगस्त और बिहार में 5 से 6 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 4 से 9 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 4 से 9 अगस्त के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

पूर्वोत्तर भारत में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 4 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 4 से 6 अगस्त तक तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 9 अगस्त के दौरान कई जगहों पर बारिश होने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में 5 से 7 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 4 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में 4 से 9 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 9 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा 4 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश और असम-मेघालय में 4 से 5 अगस्त के दौरान अत्यधिक भारी बारिश वाले कुछ क्षेत्र बन सकते हैं।

तमिलनाडु के छह जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना

तमिलनाडु के छह जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है क्योंकि एक ऊपरी-वायु मौसम प्रणाली राज्य भर में स्थितियों को प्रभावित कर रही है, इसके साथ ही कई क्षेत्रों में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कोयंबटूर जिले के घाट क्षेत्रों के अलावा, नीलगिरी, थेनी, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम और कुड्डालोर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने के साथ-साथ गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है। आंधी-तूफान के दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसके चलते अधिकारियों ने निवासियों, खासतौर से पहाड़ी और खुले क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं चेन्नई और आसपास के इलाकों में दिन के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात के दौरान शहर में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article